आदिलाबाद (आंध्रप्रदेश). आंध्रप्रदेश के आदिलाबाद जिले में उपद्रवियों ने रविवार को एक ही परिवार के तीन बच्चों समेत छह लोगों को जिंदा जला दिया। अज्ञात लोगों ने वातोली गांव के एक घर में आग लगा दी जिससे उसमें रहने वाले छह लोग मारे गए। सरकार ने इस वारदात की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दे दिए हैं।
इस वारदात से कर्फ़्यू ग्रस्त भैंसा कस्बे में फिर तनाव फैल गया। भैंसा में शुक्रवार को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन समारोह के दौरान हुए सांप्रदायिक संघर्ष में चार लोग मारे गए थे।
आंध्रप्रदेश के गृहमंत्री के जना रेड्डी ने हिंसा की ताजा वारदात को बर्बरतापूर्ण कृत्य करार दिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस घटना की जांच कर रही है और हम दोषियों को पकड़ लेंगे।
- ‘ कर्फ़्यू लगे रहने के बावजूद एक घर पर हमला होना आश्चर्यजनक है। ऐसी वारदातें सांप्रदायिक शक्तियों और देश के विभिन्न भागों में हिंसा फैलाने में लगे संगठनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जरूरत को रेखांकित करती हैं।’-
माकपा की केंद्रीय समिति का बयान (कोलकाता में)