राजकोट.
स्थानीय अजंता समूह ने नैनो से भी सस्ती ओरेवा ई-कार बाजार में उतारने की तैयारी कर ली है। इसका माडल हाल ही में प्रदर्शित किया गया है।
ओरेवा ई-कार की विशेषता:
राजकोट जिले के वितरक योगेश टांक ने बताया कि ओरेवा कार की कीमत करीब एक लाख रुपए होगी। कार का एवरेज 50 पैसा प्रति किलोमीटर और इसकी गति अधिकतम 55 किलोमीटर प्रतिघंटा होगी।
भार वहन क्षमता 400 किलोग्राम एवं मार्जिन टाइम आठ से 10 घंटे रखा जाएगा। कंपनी चार विविध माडलों में एसी और नॉन एसी माडल बाजार में पेश करेगी। ई-कार का डैमो माडल ओरोवा ई-बाइक आउटलेट में प्रदर्शित किया गया है।
नैनो के आने तक :
टांक ने बताया कि ई-कार को बहरहाल व्यवसाय की दृष्टि से बाजार में नहीं उतारा जाएगा। इसके लिए अधिक पूंजी और सुविधाओं की आवश्यकता पड़ेगी। लेकिन, नैनो के बाजार में आने तक ई-कार भी बाजार में उतारी जा सकती है।
माडल की प्रस्तुति:
अजंता समूह ने अप्रैल 2008 में चीन से 10-12 ई-कारें आयात कर उनका विस्तृत अध्ययन किया। पूरे अनुसंधान के बाद समूह ने अपनी ई-कार का माडल तैयार किया व उसे प्रदर्शित भी किया। इन माडलों में अभी और बदलाव किए जाने हैं।
घड़ी के अलावा बहुत कुछ :
अजंता समूह घड़ी व इलैक्ट्रॉनिक के अन्य सामानों के अलावा ई-बाइक व सिरामिक उत्पाद भी बनाता है। अब ई-कार के आने से लोगों को नैनो का विकल्प भी मिलेगा।