इंदौर. सेंट्रल जेल में रविवार को कैदियों के दो गुटों में फिर संघर्ष हो गया। बीचबचाव करने पर कैदियों ने जेलर, उपजेलर व मुख्य प्रहरी आदि को भी घायल कर दिया। पुलिस ने कैदियों की तलाशी ली और जमकर पिटाई भी की।
सुबह छह बजे कैदियों को बैरकों से निकाला गया। दोपहर 12 बजे इन्हें वापस बैरकों में भेजा जाता है। इसकी तैयारी चल ही रही थी कि सुबह 11.20 बजे सेक्टर नंबर दो के पास आशीष व अन्ना उर्फ वसीम गुट के बंदियों में कहासुनी होने लगी।
प्रहरी जयराम इन्हें अलग करने गया तो आशीष गुट ने उससे मारपीट की। थोड़ी देर में जेलर आरसी आर्य, डिप्टी जेलर व चक्कर अधिकारी आरएस पांडे व मुख्य प्रहरी देवीलाल कैरो पहुंचे तो कैदियों ने उन पर भी पत्तीनुमा हथियार से हमला कर दिया। श्री आर्य को बायीं कनपटी व हाथ पर जबकि श्री पांडे को गर्दन के पीछे चोट लगी। दोनों को एमवाय अस्पताल में भर्ती किया गया। श्री कैरो को भी अंगूठे में चोट आई। कैदियों में संघर्ष में बंदी नवलसिंह, जागरिया, हरजी, अवधेश व विजय को भी मामूली चोट लगी।
अलार्म बजा, तलाशी ली
घटना की जानकारी फैलते ही जेल में अफरा-तफरी मच गई। कैदी इधर-उधर और बैरकों में भागे। बाद में एडीएम रमेश भंडारी पहुंचे। उनके आदेश पर सीएसपी, थाना प्रभारी सहित अनेक पुलिस अफसरों और कर्मियों ने सभी कैदियों की तलाशी ली।
16 कैदियों पर पुलिस केस
एमजी रोड थाना प्रभारी एस.के. तोमर ने बताया जेल प्रशासन की रिपोर्ट पर जेल में हंगामा करने व शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में 16 कैदियों आशीष, अन्ना उर्फ वसीम, पंकज, गब्बू, बलिंदर, संतोष, राजू, मुकेश, मुख्त्यार, पारस, क्रांति, कालू, राजेश, कैलाश, रज्जूनाथ व जगदीश के खिलाफ धारा 353, 332, 323 के तहत केस कायम किया गया है।
दूसरी बार हमला किया कैदी ने
मुख्य आरोपी आशीष पिता अशोक मंडलेश्वर (खरगोन) का है और हत्या के मामले में 10 साल से सजा काट रहा है। वह पहले सीओ था। कैदियों को परेशान करने की शिकायत पर उसे हटा दिया गया था। इससे खफा होकर उसने 22 मई 08 को भी उप जेलर मनोज जायसवाल पर धारदार हथियार से हमला किया था। इसका केस पुलिस में दर्ज है।
कुख्यात हैं कैदी
दूसरे प्रमुख कैदी अन्ना उर्फ वसीम निवासी इंदौर पर राहजनी, डकैती व लूट के एक दर्जन मामले कोर्ट में चल रहे हैं। इनमें से मोबाइल लूट के एक मामले में हाल ही में उसे तीन साल की सजा हुई है। इनके साथ एक अन्य कैदी पारस व अन्य चार माह पहले जिला जेल में दिनदहाड़े एक युवक की हत्या के आरोपी हैं।