bhaskar Web English
HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

दो भाषाओं में मिलेंगी डिग्रियां

जयपुर. राजस्थान विश्वविद्यालय की डिग्री हिंदी और अंग्रेजी भाषा में एक ही कागज पर देखने को मिलेगी। यह पहला मौका होगा जब डिग्री दो भाषाओं में एकसाथ एक ही कागज पर होगी। डिग्रियां तैयार कराने के लिए विश्वविद्यालय ने निविदाएं जारी की हैं।

विश्वविद्यालय में इस वर्ष के अंत तक चार लाख डिग्रियां बांटने का लक्ष्य है। वर्ष 2002-08 से स्नातक एवं स्नातकोत्तर की डिग्रियां वितरित नहीं हो सकी हैं, इसलिए पिछले छह वर्ष की बकाया चार लाख डिग्रियां जनवरी 2009 में वितरित करने की योजना है। इस योजना को अंजाम देने के लिए विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक कार्यालय से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी जुटे हुए हैं।

राष्ट्रपति के हाथों से होगा सम्मान : राजस्थान विश्वविद्यालय के कुलपति एन.के.जैन ने बताया कि जनवरी 2009 में दीक्षांत समारोह करने की योजना है। इस समारोह में डिग्री वितरित कराने की योजना भी शामिल है। इसके लिए विश्वविद्यालय की ओर से राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील से समय मांगा गया है। राष्ट्रपति कार्यालय से जवाब आने के बाद ही समारोह की तारीख घोषित की जा सकेगी।

ऐसे लिया निर्णय
राजस्थान विश्वविद्यालय में वर्ष 1992 में यह निर्णय हुआ था कि डिग्री को हिंदी भाषा की जगह अंग्रेजी में किया जाए। उसके बाद अंग्रेजी में डिग्री देने की शुरुआत हुई। हिंदी की अहमियत को देखते हुए बाद में यह निर्णय हुआ कि हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में डिग्री दी जाए, जिससे किसी भी प्रकार का विवाद पैदा नहीं हो सके।

कुलपति के निर्देशानुसार डिग्री तैयार कराने के लिए परीक्षा नियंत्रक कार्यालय का पूरा स्टाफ लगा हुआ है। उम्मीद है कि चार लाख डिग्रियां जनवरी तक बनकर तैयार हो जाएंगी।
—एन.एन.गुप्ता, परीक्षा नियंत्रक, राजस्थान विश्वविद्यालय





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: