Business
Dalal Street Dalal Street मुंबई.
पिछले सप्ताह भारी गिरावट दिखाने वाले घरेलू शेयर बाजार, विश्व बाजार से मजबूती की खबर और वित्त मंत्री के भरोसा दिलाने के बाद सोमवार को सुधार दर्शाते हुए बंद हुए।
बैंक शेयरों में भारी खरीदी के चलते सेंसेक्स ७८१ अंक की बढ़त के साथ 11,3क्९ पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 211 अंक बढ़कर 3,491 पर बंद हुआ।
क्यों उछले बाजार: अमेरिकी फेडरल रिजर्व और यूरोपीय सेंट्रल बैंक समेत पांच केंद्रीय बैंकों द्वारा संकटग्रस्त बैंकों को आर्थिक मदद की घोषणा के बाद दुनिया के शेयर बाजार मजबूत हुए। विश्वभर के बाजारों में बैंक शेयरों में सुधार देखा गया।
>> वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने बाजार खुलने से पहले निवेशकों को विश्वास दिलाया कि घरेलू अर्थव्यवस्था मजबूत है। देश के बैंक अच्छी स्थिति में हैं। सरकार तरलता बढ़ाने के लिए और कदम उठाने जा रही है।
>> एशियाई बाजार में हैंगसेंग 10.24 फीसदी बढ़कर बंद हुआ। वहीं दक्षिण कोरिया का कोस्पी सूचकांक और सिंगापुर स्ट्रेट टाइम्स इंडेक्स भी बढ़त पर थे।
>> दोपहर में यूरोपीय बाजार भी 5 से 6 फीसदी मजबूत खुले।
बैंक शेयरों में खरीदी:
वित्त मंत्री के भरोसा दिलाए जाने के बाद निवेशकों ने बैंक शेयरों में भारी खरीदी की। आईसीआईसीआई बैंक, एसबीआई, एचडीएफसी बैंक के शेयर 17 से 12 फीसदी उछलकर बंद हुए। सेंसेक्स से जुड़ा बैंक इंडेक्स 12.30 फीसदी पर बंद हुआ।
एक्सिस बैंक के शेयर उछले: एक्सिस बैंक का मुनाफा दूसरी तिमाही में 77 फीसदी बढ़ोतरी होने की घोषणा के बाद बीएसई में बैंक के शेयर 20 फीसदी उछलकर 662.90 रुपए पर बंद हुए।
रियल एस्टेट सेक्टर में मंदी से प्रापर्टी के दामों में भारी गिरावट देखने को मिल सकती है। जानकारों के अनुसार रियलटी सेक्टर की कंपनियों की राह आसान नहीं है। कंपनियों को प्रोजेक्ट पूरा करने में फाइनांस की दिक्कत का सामना करना पड़ेगा। इससे कंपनियों को अपने प्रोजेक्ट पूरा करने के लिए सीधा निवेशकों पर निर्भर होना पड़ सकता है।
दूसरी और कमोडिटी बाजार में भी गिरावट का असर जारी है, इसी तरह सोने में उतार उतार चढ़ाव भी निवेशकों के लिए परेशानी का सबब रहा है। वायदा कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि सोने में निवेश भी भरोसे का सौदा नहीं है। सोना जहां एक ही दिन में 800 से 1,000 रुपए तक बढ़ जाता है वहीं कभी गिर जाता है। उनका कहना है कि कमोडिटी के ऐसे हालातों में हमेशा नुकसान का भय ही बना रहता है।
वित्तीय तंत्र बचाने की कवायद
>> जर्मनी, फ्रांस और ब्रिटेन की सरकारों ने 773 अरब डालर पैकेज की घोषणा की।
बाजार पर असर:
यूरोपीय बाजार में एफटीएसई 100 और डीजे स्टॉक्स 50 और 600 सूचकांक पांच से छह फीसदी का उछाल दिखा रहे थे। डैक्स 30 और कैक 40 में छह फीसदी से अधिक की उछाल थी।
>> अमेरिकी ट्रेजरी ने बैंकों के शेयर खरीदने का भरोसा दिलाया।
आईसीआईसीआई के शेयरों में उछाल
आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों ने इंट्रा डे कारोबार में 25 फीसदी उछाल के साथ 454.95 रुपए की ऊंचाई छुई। अंत में ये 16.75 फीसदी उछलकर 425.10 रुपए के भाव पर बंद हुए। आईसीआईसीआई बैंक के एमडी केवी कामथ ने भी निवेशकों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि बैंक में उनका धन पूरी तरह सुरक्षित है।
बाजार में रैली शॉर्ट कवरिंग निकलने के कारण दिखी है, जो मंगलवार को भी जारी रह सकती है। लेकिन निवेशकों की चिंताएं अभी कम नहीं हुई हैं। -गौरांग शाह, चीफ मैनेजर, जिओजीत फाइनेंशियल सर्विसेज
तकनीकी रूप से भारी गिरावट के बाद यह राहत देने वाली रैली है। लेकिन दुनिया में मंदी की आशंकाएं बनी हुई हैं। केंद्रीय बैंकों द्वारा तरलता बढ़ाए जाने से गिरते बाजारों में ऊर्जा का संचार हुआ है। - आई.वी. सुबमणियम, डायरेक्टर, क्वांटम एमएमसी
विश्व बाजारों से मजबूती के संकेतों के बाद घरेलू बाजार में पुलबैक रैली दिखी है। निवेशकों को यह भी ध्यान रखना चाहिए कि एफआईआई कुछ समय तक उभरते बाजारों में बिकवाल बने रहेंगे। - गजेंद्र नागपाल, चीफ एक्जीक्यूटिव, यूनिकॉन फाइनेंशियल