bhaskar Web English
HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

राजभवन ने बदले तेवर

भोपाल. भोज (मुक्त) विश्वविद्यालय के कुलपति कमलाकर सिंह का मामला गंभीर रूप लेता जा रहा है। अगले दो दिनों में इस मामले में कोई बड़ा फैसला आने के संकेत मिल रहे हैं। सोमवार को राज्यपाल डॉ. बलराम जाखड़ ने अस्वस्थता की वजह से सभी काम स्थगित कर दिए। इस वजह से श्री सिंह को भी राज्यपाल से मिले बगैर वापस लौटना पड़ा। उधर, सोमवार को भोज (मुक्त) विवि में भी दिन भर बैठकों का दौर जारी रहा।

कुलपति श्री सिंह को राज्य सरकार द्वारा कुलसचिव के पद पर वापस बुलाए जाने के बाद उनका कुलसचिव या कुलपति दोनों में से किसी एक पद से इस्तीफा लगभग तय माना जा रहा है। राजभवन के सूत्रों के अनुसार कुलाधिपति ने चर्चा के लिए मिलने आए श्री सिंह से मिलने से इंकार दिया। श्री सिंह, राज्यपाल के सचिव केके सिंह से चर्चा करके वापस लौट आए। इस समय में कुलाधिपति के इंकार से माना जा रहा है कि श्री सिंह के संबंध में कोई फैसला लिया जाने वाला है।

दो दिन पहले ही राज्यपाल डॉ. जाखड़ ने कुलपति से इस्तीफा मांगने के प्रश्न पर ‘भास्कर’ को फोन पर कहा था कि कार्य दिवस में इस मामले पर विचार करेंगे। हालांकि कुलाधिपति ने श्री सिंह को गुनहगार मानने से इंकार कर दिया था। दूसरी ओर सूत्रों ने बताया कि राजभवन से भोज (मुक्त) विवि के वरिष्ठ नियमित अधिकारियों की सूची भी मांगी गई है।

इसे भी कुलपति के संभावित इस्तीफे के बाद प्रभार दिए जाने की कार्रवाई बताया जा रहा है। वित्त समिति की आपात बैठक और क्रय समिति की बैठकों में कई रूके हुए मामलों को निपटाया गया। हालांकि कुलपति श्री सिंह ने सोमवार को विवि के स्टाफ को कार्यकाल पूरा होने तक पद पर बने रहने का विश्वास दिलाया है।

राजभवन ले सकता है नियंत्रण
विवि से नियमित अधिकारियों की सूची मांगे जाने के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि कुलपति का इस्तीफा होने की स्थिति में राजभवन के सचिव केके सिंह को जिम्मेदारी देकर राजभवन विवि को अपने नियंत्रण में ले सकता है। ऐसा इसलिए माना जा रहा है, क्योंकि इस समय विवि में वरिष्ठ स्तर के एक ही अधिकारी पदस्थ हैं। अन्य सभी अधिकारी यहां प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ हैं।

देरी होगी स्टे मिलने में
कुलपति श्री सिंह के लिए सरकार के आदेश के खिलाफ हाईकोर्ट का स्टे लाना भी आसान नजर नहीं आ रहा है, क्योंकि इस समय कैविएट लगी हुई है। ऐसे में कोर्ट को स्टे देने के लिए सरकार का पक्ष जानना जरूरी होगा। थाना बाग सेवनिया पुलिस ने श्री सिंह के खिलाफ दर्ज हुए धोखाधड़ी के मामले में विवि से कुछ जानकारियां मांगी हैं। पुलिस के अनुसार तथ्य प्रमाणित होने पर श्री सिंह के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: