bhaskar Web English
HomeNewsInternational International

..और एरिक्सन को जड़ दिया थप्पड़

इंग्लैंड फुटबॉल टीम के पूर्व कोच स्वेन गोरान एरिक्सन की गर्लफ्रेंड नेन्सी डेल ओलियो ने हाल ही में एक सनसनीखेज खुलासा किया। एक टेलीविजन शो को दिए इंटरव्यू में 50 वर्षीय नेन्सी ने बताया कि जब उन्हें अपने पूर्व बॉयफ्रेंड और फुटबॉल एसोसिएशन की सेक्रेटरी रहीं फारिया आलम के संबंधों के बारे में पता चला तो उन्होंने एरिक्सन को एक जोरदार तमाचा जड़ दिया था। इसके बाद ही नेन्सी ने एरिक्सन का साथ छोड़ दिया।

फुटबॉल टीमों के अलावा गर्लफ्रेंड बदलने के लिए चर्चित रहे उम्रदराज स्वेन गोरान एरिक्सन एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। एक अंग्रेजी अखबार को दिए इंटरव्यू में उनकी पूर्व गर्लफ्रेंड नेन्सी डेल ओलियो ने अपने और एरिक्सन के संबंधों के बारे में खुलकर बात की। इसके अलावा उन्होंने एरिक्सन और फुटबॉल एसोसिएशन की पूर्व सेक्रेटरी फारिया आलम के बीच रहे अफेयर के बारे में भी बताया।

पेशे से वकील नेन्सी ने यह कहकर भी सबको चौंका दिया कि एरिक्सन इन दिनों मशहूर टीवी प्रेजेंटर यूलरिका जॉनसन के प्यार में पड़े हुए हैं। नेन्सी ने फारिया और फुटबॉल एसोसिएशन के प्रमुख रहे मार्क पालियोस के अफेयर पर विस्तार से बातचीत की।

इस दौरान वे काफी खुश और संतुष्ट नजर आ रही थीं। उन्होंने बताया कि जैसे ही मुझे फारिया और एरिक्सन के अंतरंग संबंधों की भनक लगी तो मैंने अपने स्तर पर इसकी सच्चई का पता लगाया। मुझे इस अफेयर की हकीकत का पता चला तो काफी दु:ख हुआ। मैं खुद को संभाल नहीं पाई। कई दिनों तक तो मैं चुप बैठी रही, लेकिन जब पानी सिर से ऊपर चढ़ने लगा तो मुझसे रहा नहीं गया। मैंने एक दिन झुंझलाकर एरिक्सन के गाल पर जोरदार थप्पड़ जमा दिया।

बेहद घटिया इंसान हैं एरिक्सन

नेन्सी ने दोनों के संबंधों को एक घटिया प्रेमकहानी करार दिया। उन्होंने कहा ‘मेरे ख्याल से यह काफी हास्यास्पद था। मैं इस प्रेमकहानी को बेहद घटिया मानती हूं। पिछली 23 अगस्त को जीवन के 50 वसंत पार कर चुकी नेन्सी ने आगे बताया ‘मैं एरिक्सन को बहुत प्यार करती थी। उम्र के इस पड़ाव में उनकी इस बेहूदा हरकत ने मेरे दिल को गहरा आघात पहुंचाया।

मैं यह मानती हूं कि आज भी वे मुझे पहले की तरह ही प्यार करते हैं, लेकिन मेरे दिल में अब उनके लिए कोई जगह नहीं है।’ उन्होंने कहा ‘कोई निचले स्तर का आदमी ही ऐसी हरकत कर सकता है। शायद एरिक्सन भी उसी कतार में आते हैं।

मई 1998 में हुई थी मुलाकात

नेन्सी और एरिक्सन की पहली मुलाकात उस समय हुई थी, जब एरिक्सन लाजियो की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के मैनेजर थे। हालांकि यह मुलाकात काफी संक्षिप्त थी। इसके बाद दोनों लंबे समय तक एक-दूसरे से नहीं मिले, लेकिन 2001 में जब एरिक्सन ने इंग्लैंड फुटबॉल टीम का कोच पद संभाला तो उन्होंने नेन्सी की ओर रुख किया।

विवादित रही लवस्टोरी

अगस्त 2004 में एरिक्सन और फारिया के संबंधों को लेकर काफी बवाल मचा था। उन दिनों फारिया फुटबॉल एसोसिएशन की सेकट्ररी हुआ करती थीं और एरिक्सन इंग्लैंड टीम के कोच। एरिक्सन और फारिया के बीच बढ़ती नजदीकियों की भनक मीडिया को लगी तो इंग्लैंड के तमाम बड़े अखबारों ने मसालेदार खबरें छापने में देर नहीं लगाई।

एरिक्सन और फारिया दोनों ही इन खबरों को झूठी बताते आए हैं। इस मामले में फुटबॉल एसोसिएशन को हस्तक्षेप करना पड़ा। हालांकि एरिक्सन को फारिया के साथ संबंधों के मामले में फुटबॉल एसोसिएशन ने क्लीन चिट दे दी थी, लेकिन इन खबरों के बाद उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा। उधर, बांग्लादेश में जन्मी फारिया ने सेक्रेटरी पद से नाता तोड़ लिया। इस दौरान 2001 में इंग्लैंड के कोच बने एरिक्सन का अनुबंध 2008 तक बढ़ा दिया गया था। इसी दौरान फारिया और फुटबॉल एसोसिएशन के मुख्य कार्यकारी के पद पर रहे मार्क पालियोस के संबंध भी विवादों में रहे हैं।

यूलरिका जॉनसन से भी अफेयर

इस इंटरव्यू में नेन्सी ने यह कहकर सबको चौंका दिया कि एरिक्सन और यूलरिका जॉनसन इन दिनों एक-दूसरे के काफी करीब आ चुके हैं। 16 अगस्त 1967 को न्यूयॉर्क में जन्मी यूलरिका पहले ही पुराने अफेयर्स को लेकर चर्चा में हैं। यूलरिका के चार बच्चे हैं, लेकिन चारों के पिता एक नहीं, बल्कि अलग-अलग हैं। अब यूलरिका और एरिक्सन के संबंधों की चर्चा अखबारों में सुर्खियां बटोर रही हैं। मशहूर स्वीडिश ओपेरा सिंगर फोल्क जॉनसन की पोती यूलरिका ने हाल ही में अपनी बायोग्राफी में अपने बच्चों के पिता के बारे में खुलासा किया है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: