News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior पोहरी (शिवपुरी). मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केन्द्र की कांग्रेसनीत गठबंधन सरकार पर आरोपों की झड़ी लगा दी। उन्होंने केन्द्र सरकार पर मप्र के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में ढाई साल में हुए विकास कार्यो और सरकार के अच्छे कामों से घबराकर कांग्रेस सरकार ने प्रदेश के बिजली, अनाज, कोयला, डीजल के कोटे में न केवल कटौती कर दी है, बल्कि उनको पृथक से एक धेला भी नहीं दिया है।
श्री चौहान पोहरी में आदर्श विद्यालय के पीछे सोमवार को आयोजित पंच, सरपंच, किसान, महिला एवं आदिवासी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने अपने भाषण में केन्द्र सरकार को जमकर कोसा और कहा कि यह सरकार प्रदेश को मिलने वाली विभिन्न सुविधाओं और बिजली, कोयला, अनाज, कुटीर आदि के कोटे में कटौती कर सौतेला व्यवहार कर रही है। प्रदेश के डीलर्स को डीजल न दिए जाने के कारण डीजल पंपों पर कतारें लग रही हैं और फसल प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि मप्र के हिस्से की 350 मेगावाट बिजली काट दी गई है और 2 लाख टन कोयले की आपूर्ति घटा दी गई है।
यही नहीं तमिलनाडू, आंध्रप्रदेश में 2 लाख टन और मप्र को एपीएल का महज 11 हजार टन गेहूं प्रदाय किया जा रहा है। श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश के साढ़े छह करोड़ लोगों के साथ किए जा रहे केन्द्र के इस सौतेले व्यवहार के लिए वे दिल्ली जाकर केन्द्र सरकार के मंत्रियों से मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि ढाई साल में उन्होंने जो विकास किया और जनहित में जो योजनाएं तैयार की हैं, उससे घबराकर कांग्रेस के लोग न केवल उनके ऊपर मनगढ़ंत आरोप मढ़ रहे हैं, बल्कि आम जनता की नजर में उनको व भाजपा सरकार को नीचा दिखाने के लिए विभिन्न प्रकार की जरूरतों के कोटे को कम कर रही है। बावजूद इसके प्रदेश में हालात बेहतर हैं।
उन्होंने गुजरे ढाई साल में जो कार्य किए हैं, वे कांग्रेस ने पचास साल के राज में भी नहीं किए। बालिका, महिला, मजदूर, कर्मचारी, किसान, बेरोजगार हर वर्ग के लोगों के लिए योजनाएं तैयार कर उन पर क्रियान्वयन किया गया है और इससे प्रदेश में विकास का माहौल तैयार हुआ है।
श्री चौहान ने कहा कि यदि उन्हें आगे सरकार बनाने का मौका मिला तो वे देश में मप्र को नंबर वन राज्य बना देंगे। यह हो सकता है, क्योंकि ढाई साल के कम समय में उन्होंने इतना किया है तो पांच साल तो लंबा वक्त होता है। उन्होंने पोहरी को जिले की अग्रणी विधानसभा बनाने का वादा भी किया। इससे पूर्व खाद एवं बीज निगम के उपाध्यक्ष रणवीर रावत ने स्वागत भाषण दिया और मुख्यमंत्री के समक्ष पोहरी, बैराड़ को नगर पंचायत बनाने समेत विभिन्न मांगें रखीं। निर्धारित कार्यक्रम से एक घंटे देरी से आए मुख्यमंत्री का हैलीकाप्टर कार्यक्रम स्थल पर उतरा।
उनका यहां विवेक पालीवाल, बृजेन्द्र सिंह तोमर, डा. तुलाराम यादव, प्रतिभा जैन, सुरजीत सिंह चौहान, डा गुलाब सिंह, पृथ्वीराज सिंह जादौन, जनवेद वर्मा, सेवा यादव, प्रहलाद भारती, राजेश गर्ग आदि ने फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया। प्रारंभ में श्री चौहान ने दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया और करोड़ों रुपए के विकास कार्यो की आधारशिला रखते हुए शिलापट्टिकाओं का अनावरण किया।
देर से आया हूं, पर दुरुस्त आया हूं
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पोहरी आगमन पर जनता से कहा कि मैं देर से आया हूं, पर दुरुस्त आया हूं। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री बनने के बाद श्री चौहान पहली बार पोहरी कस्बे में आए थे। चूंकि उनका पोहरी आगमन पूर्व में दो बार निरस्त हो चुका था, इसलिए जनता बेताब थी और यही वजह रही कि श्री चौहान ने अपने देर से आने की सफाई मतदाताओं को दी।
बचत पत्र बांटे और परिवार सहायता दी
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पोहरी आगमन पर सबसे पहले अपनी चिरपरिचित शैली में जनता का अभिभावदन किया और नन्ही बालिकाओं को लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत बचत पत्र बांटे और उन्हें गोद में उठाकर कहा कि मैं इनका मामा हूं।
श्री चौहान ने मंच से विधवा महिलाओं को परिवार सहायता के चेक वितरित किए और जिले में दसवीं व बारहवीं की परीक्षा में बेहतर अंक लाकर टापटेन में स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया।