bhaskar Web English
HomeNewsNational National

पुणे में राष्ट्रपति की सुरक्षा में लगी थी सेंध!

मुंबई. राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील की पुणो यात्रा के दौरान कुछ लोग शायद उनकी सुरक्षा में सेंध लगाने में सफल हो गए थे। शनिवार को उनका काफिला गुजरने से ऐन पहले पुलिस ने उस मार्ग से एक ऐसी कार पकड़ी थी, जिस पर अशोक स्तंभ का चिन्ह लगा था। कार में सवार महिला और पुरुष पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहे।

राजभवन के निकट पकड़ाई कार : पुणो के डीसीपी (यातायात) मनोज पाटील ने मंगलवार को बताया कि शनिवार रात को एक मारुति स्विफ्ट कार पुणो यूनिवर्सिटी के प्रवेशद्वार के नजदीक पकडी गई। यह जगह राजभवन से कुछ ही दूरी पर है। राष्ट्रपति को शहर में एक कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद रात्रि विश्राम के लिए राजभवन में ही लौटना था।

ट्रैफिक इंस्पेक्टर को हुआ शक : पाटील ने कहा कि मारुति स्विफ्ट साधारणतया सरकारी कारों के काफिले में शामिल नहीं होती है। जब एक ट्रैफिक इंस्पेक्टर ने अशोक स्तंभ के चिन्ह वाली और ‘भारत सरकार’ लिखी इस कार (डीएल-9सी-1-2140) को देखा तो उसे शक हुआ। यह इंस्पेक्टर उस मार्ग पर तैनात था, जहां से राष्ट्रपति का काफिला गुजरना था।

45 मिनट बाद गुजरा काफिला : कार को रोके जाने के महज 45 मिनट बाद ही राष्ट्रपति का काफिला वहां गुजरा। कार को तुरंत जब्त कर कमिश्नर कार्यालय परिसर की ओर ले जाया गया, लेकिन रास्ते में महिला ने धोखे से कार रुकवाई और फिर दोनों संदिग्ध पुलिस को चकमा देकर भाग निकले।

पुरुष की पहचान हुई : पाटील ने कहा कि कार में सवार पुरुष की पहचान कर ली गई है और उम्मीद है कि उसे जल्द पकड़ लिया जाएगा।

धमकीभरा ई-मेल : गौरतलब है कि शनिवार को ही राष्ट्रपति भवन को एक धमकीभरा ई-मेल मिला था। इसमें राष्ट्रपति को पुणो जिले की उनकी चार दिवसीय यात्रा के दौरान निशाना बनाए जाने की धमकी दी गई थी।

सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रपति भवन को मिले ई-मेल और उसी दिन कार की बरामदगी के बीच संबंध होने की संभावना की जांच की जा रही है। राष्ट्रपति ने 10 अक्टूबर को पुणो पहुंचने के बाद जिले में अनेक कार्यक्रमों में शिरकत की थी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: