टोरंटो.
श्रीलंका के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज सनथ जयसूर्या के 40 रन और अबूझ स्पिनर अजंथा मेंडिस द्वारा झटके तीन बेशकीमती विकेटों की बदौलत श्रीलंका ने पहले टी-20 क्रिकेट कनाडा कप के फाइनल में पाकिस्तान को पांच विकेट से हराकर खिताब जीत लिया।
जयसूर्या (34 गेंद, 40 रन) को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ जबकि, पूरी सीरीज में बल्लेबाजों को अपनी गेंद पर नचाने वाले मेंडिस को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ चुना गया। इससे पहले, श्रीलंकाई कप्तान महेला जयवर्धने ने टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण का फैसला किया।
पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही और सलामी बल्लेबाज शोएब खान बिना खाता खोले आउट हो गए। शाहिद अफरीदी भी ज्यादे देर तक पिच पर टिक नहीं सके। पाकिस्तान की ओर से सलमान बट्ट ने सर्वाधिक 44 रन बनाए। अंत में मिस्बाह-उल-हक(23) ने कुछ अच्छे हाथ दिखाकर स्कोर को 132 रन तक पहुंचाया। श्रीलंका की ओर से मेंडिस ने तीन विकेट चटकाए। पूरे मैच में मेंडिस की घूमती गेंदों को समझने में पाकिस्तान बल्लेबाज परेशान दिखे।
जीत के लिए 133 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका को सलामी बल्लेबाज जयसूर्या और उदवटे ने 66 रन की जबर्दस्त शुरुआत दी। श्रीलंका का पहला विकेट उदवटे(25) के रूप में गिरा। कप्तान जयवर्धने और मुबारक के जल्दी-जल्दी आउट हो जाने के बावजूद जयसूर्या एक छोर से ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते रहे। जयसूर्या का विकेट शोएब मलिक के खाते में गया। कपूगेडरा और दिलशान ने सूझ-बूझ से बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका को एक ओवर शेष रहते ही 133 रन के लक्ष्य तक पहुंचा दिया।