bhaskar Web English
HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

दीवाली बाद खुलने लगेगा उजाले का खजाना

खंडवा. जिले की चौथी बिजली परियोजना दीवाली बाद आकार लेने लगेगी। मालवा ताप के नाम से स्थापित होने वाली इस परियोजना की तैयारियां हो चुकी हैं।

जमीन अधिग्रहण की कार्रवाई पूरी कर 20 करोड़ 50 लाख रुपए मुआवजा दिया जा चुका है। किसानों को 31 अक्टूबर तक जमीन खाली करने के आदेश दिए गए हैं। दो चरणों में पूरी होने वाली परियोजना से 2400 मेगावाट बिजली पैदा की जाएगी।

पुनासा तहसील के दोंगालिया व पूरनी के पास ताप बिजली घर के लिए आठ गांवों सिंधखाल, धारकवाड़ी, दोंगालिया, जलकुआं, देवला, भगवानपुरा, भुरलाय व सिवरिया के लगभग 250 किसानों की 650 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहीत की गई है। सभी को मुआवजा दिया जा चुका है।

महत्वपूर्ण पहलू यह है कि इसके लिए एक भी गांव का विस्थापन नहीं करना पड़ा। जमीन खाली होते ही समतलीकरण कर तार फेंसिंग की जाएगी। पहले चरण में 600 मेगावाट की दो इकाइयां बनेंगी। तीन-चार वर्षो में परियोजना पूरी होगी। जमीन अधिग्रहण की कार्रवाई पूरी हो गई है, परियोजना का काम शुरू करने में अब कोई अड़चन नहीं है।
-अनुराग सक्सेना, एसडीएम पुनासा

पुनासा तहसील में सबसे अधिक उत्पादन का रिकॉर्ड

खंडवा जिले की पुनासा तहसील में वर्तमान में एक हजार मेगावाट की इंदिरासागर और 520 मेगावाट की ओंकारेश्वर जल विद्युत परियोजना से बिजली उत्पादन हो रहा है। इंदिरासागर की नहर पर चांदेल में 15 मेगावाट का प्रोजेक्ट पूरा होने वाला है। दोंगालिया में 2400 मेगावाट का थर्मल पावर प्लांट बनने के बाद इस तहसील में 3935 मेगावाट बिजली उत्पादन होगा जो अपने आप में रिकॉर्ड है।

परियोजना: एक नजर में
>> आठ किमी लंबी पाइप लाइन डालकर इंदिरासागर बांध से जल आपूर्ति की जाएगी।
>> परिवहन के लिए बीड़ तक रेलमार्ग है। आठ किमी दूर विद्युतगृह तक रेलवे लाइन ले जाई जाएगी।
>> 12 सौ कर्मचारी-अधिकारियों के लिए कॉलोनी बनाई जाएगी।
>> परियोजना से आबादी क्षेत्र और किसी भी गांव की संपूर्ण भूमि प्रभावित नहीं होगी।
>> विस्थापन और आरक्षित वन क्षेत्र नहीं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: