bhaskar Web English
HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

महंगे हुए पटाखे

भोपाल. दीपावली करीब आते ही पटाखों की थोक दुकानें सजने लगी हैं, परंतु इस बार पटाखों के दामों में 25 से 30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है। बावजूद इसके व्यापारियों का अनुमान है कि चाइना से आए पटाखों के दम पर ढाई से तीन करोड़ तक का कारोबार तो हो ही जाएगा।

फुटकर व्यापारियों ने भी लाइसेंस लेना शुरू कर दिया है। शिवाकाशी आदि स्थानों से पटाखों की आवक शुरू हो चुकी है।

जानकार बताते हैं कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में इस साल भी करीब तीन सौ से अधिक दुकानों से पटाखों की बिक्री होगी। हलालपुर में थोक दुकानदारों के यहां तो पटाखों की खरीद-फरोख्त शुरू भी हो गई है। जल्द ही लिली चौराहा, बिट्टन मार्केट, टीटी नगर व गोविंदपुरा आदि स्थानों पर भी पटाखों की दुकानें लगने लगेंगी।

थोक व्यापारियों का अनुमान है कि दीपावली करीब आते ही पटाखा बाजार में भीड़ बढ़ने लगेगी। इस साल भी करीब ढाई से तीन करोड़ तक के पटाखों का कारोबार होने की उम्मीद है।

अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी रजनीश श्रीवास्तव के कार्यालय से फिलहाल पुराने दुकानदारों के पटाखा लाइसेंस का ही नवीनीकरण किया जा रहा है। थोक आतिशबाजी व्यवसायी एसोसिएशन के अध्यक्ष दौलतराम सबनानी ने बताया कि हलालपुर में कुल 27 थोक पटाखा दुकानें हैं।

इनमें से अधिकांश के पास भारत सरकार (दिल्ली) से मिलने वाला लाइसेंस हैं। थोक व्यापारियों को भी लाइसेंस का नवीनीकरण कराना होता है। अस्थाई व फुटकर व्यापारियों के लाइसेंस नवीनीकरण की प्रक्रिया अभी चल रही है। इस साल बिट्टन मार्केट में पचास, टीटी नगर दशहरा मैदान में दो सौ, लिली चौराहा पर अस्सी, करोंद में पच्चीस और गोविंदपुरा व आनंद नगर में करीब सौ पटाखा दुकानें लगने का अनुमान है।

पटाखों के लिए अभी नए लाइसेंस नहीं दिए गए हैं। जांच-पड़ताल के बाद पुराने पटाखा लाइसेंसों का नवीनीकरण किया जा रहा है। जरूरत पड़ी तो और आवेदन मिलने पर नए लाइसेंस दिए जाएंगे।
-रजनीश श्रीवास्तव, एडीएम

चाइना व लाल पटाखों के दाम बढ़े

संघ के अध्यक्ष श्री सबनानी ने बताया कि अधिकांश पटाखे शिवाकाशी से आते हैं। इस बार लाल रंग के पटाखों की कीमत में 25 से 30 प्रतिशत तक का इजाफा हुआ है। खासकर छोटे पटाखों की कीमतें बढ़ी हैं।

इसका कारण वे बताते हैं कि शिवाकाशी में पटाखा निर्माता कंपनियों को लेबर कम मिली है। इस साल भी चाइना के पटाखों की डिमांड है। उन्होंने बताया कि प्रदूषण न फैलाने वाले पटाखे भी उपलब्ध हैं। यह धुआं कम छोड़ते हैं। इनसे रंग-बिरंगी रोशनी निकलती है। नए-नए प्रकार के पटाखे लोगों को आकर्षित करेंगे। इनमें आसमानी शावर और बटर फ्लाई आइटम लोगों को खूब पसंद आएगा। बटर फ्लाई में जो बम होता है, वह आसमान में फटकर अलग तरह की कई आवाजें करता है। म्यूजिकल बम, अनार व रॉकेट की भी खूब मांग रहती है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: