भोपाल. प्रदेश की तेरहवीं विधानसभा के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही निर्वाचन प्रक्रिया के काम में तेजी आ गई है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों से उन्हें सौंपे गए काम तत्परता से पूरे करने के निर्देश दिए हैं। चुनाव आयोग के सचिव ने मंगलवार को भोपाल में 25 जिलों के अधिकारियों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के संबंध में तय प्रक्रिया समझाई।
चुनाव आयोग के सचिव केएन भार ने मंगलवार को भोपाल, इंदौर, उज्जैन संभाग के 25 जिलों के उप चुनाव अधिकारियों और परिवेक्षकों को ट्रेनिंग दी। उन्हें इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों को लेकर किए जाने वाले आधारहीन संदेहों को दूर करने के बारे में तय की गई प्रक्रिया की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि इस बार इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों पर खास नंबर अंकित होंगे। उन पर अलग-अलग रंग के स्टीकर लगाए जाएंगे।
हर मशीन का खास एकाउंट नंबर होगा तथा मशीनों को विशेष आब्जर्वर के सामने सील किया जाएगा। मतदान केंद्र में पोलिंग शुरू होने से पहले उम्मीदवारों के पोलिंग एजेंटों के सामने मतदान सिस्टम का प्रदर्शन किया जाएगा। जहां पोलिंग एजेंट नहीं होंगे उन बूथों पर माइक्रो आब्जर्वर की मौजूदगी में यह प्रदर्शन होगा। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी जेएस माथुर ने चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की तैयारी का अगला चरण शुरू हो गया है। आयोग के निर्देशन में बाकी की तैयारियां भी चल रही हैं।