जयपुर. शहर के अल्बर्ट संग्रहालय सहित राज्य के सभी 18 संग्रहालय प्रत्येक सोमवार को रख-रखाव के लिए बंद रखे जाएंगे। पुरातत्व विभाग ने निर्देश जारी कर यह व्यवस्था लागू की है। अधिकारियों ने हाल ही एक प्रस्ताव विभाग को सौंपा था, जिसे मंगलवार को मंजूरी दी गई।
अल्बर्ट संग्रहालय के अधीक्षक राकेश छौलक के अनुसार दिल्ली के राष्ट्रीय संग्रहालय सहित दूसरे अंतरराष्ट्रीय संग्रहालयों में लागू व्यवस्था की तरह राज्य में पहली बार ऐसे प्रस्ताव को मंजूरी मिली है। इससे अल्बर्ट संग्रहालय को पर्यटकों के सामने बेहतर तरीके से प्रस्तुत किया जा सकेगा। हालांकि अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय की तर्ज पर सोमवार को शोधकर्ताओं को अल्बर्ट संग्रहालय में प्रवेश दिया जाएगा।
विद्यार्थियों को केवल शुक्रवार को निशुल्क प्रवेश : अब स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों को केवल शुक्रवार को ही संग्रहालय में निशुल्क (स्कूल-कॉलेज के लैटर हैड पर लिखा होने पर ही) प्रवेश दिया जाएगा। अन्य दिनों में उनको स्कूल, कॉलेज की स्वीकृति या पहचान पत्र दिखाने पर भी शुल्क वसूला जाएगा। अधिकारियों के अनुसार यह व्यवस्था सप्ताहभर स्वेच्छा से आने वाले विद्यार्थियों की भीड़भाड़ और अव्यवस्था से बचने के लिए की गई है।
इनका कहना है
‘देश-विदेश के प्रमुख संग्रहालयों को देखते हुए राज्य के संग्रहालयों को सप्ताह में एक दिन बंद रखने का निर्णय किया गया है। इसके अलावा संग्रहालय खुलने की अवधि सुबह 10 से शाम 4:30 बजे की बजाए सुबह 9:30 से शाम 5 बजे तक कर दी गई है। विभाग ने अल्बर्ट संग्रहालय को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया है। लिहाजा उसे व्यवस्थित रखने के लिए उसी तरह का नियम बनाना भी जरूरी है।
-बी.एल.गुप्ता, निदेशक, पुरातत्व विभाग