इंदौर. आगामी विधानसभा चुनाव के लिए 31 अक्टूबर से प्रत्याशी नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्र भरने की अंतिम तिथि 7 नवंबर जबकि नाम वापसी की अंतिम तिथि 10 नवंबर रहेगी।
पहली बार जिले में संवेदनशील मतदान केंद्र पर माइक्रो प्रेक्षक नियुक्त किए जाएंगे। साथ ही सात रिटर्निग ऑफिसर नियुक्त होंगे। जिले के तीन ट्रेनरों ने मंगलवार को भोपाल में ट्रेनिंग ली जो जल्द ही अन्य कर्मचारियों को यहां ट्रेनिंग देंगे।
मंगलवार को वाल्मीकि जयंती के अवसर पर अवकाश के बावजूद कलेक्टोरेट में गहमा-गहमी रही। निर्वाचन कार्य से जुड़े कुछ कर्मचारी भी दिनभर कार्यालय में जमे रहे ताकि भोपाल से कोई जरूरी जानकारी नहीं मांग ली जाए। इंदौर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश श्रीवास्तव ने बताया चुनाव की घोषणा के साथ ही आदर्श आचरण संहिता लागू हो गई है। निर्वाचन को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी के.आर. जैन ने बताया जिले में विधानसभा निर्वाचन की तैयारियां निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप की जा रही हैं। उधर, निर्वाचन पर्यवेक्षक सुरेश यादव तथा व्याख्याता आर.के. पांडे व अमिताभ श्रीवास्तव ने मंगलवार को भोपाल में चुनाव आयोजन के लिए दी जाने वाली ट्रेनिंग के लिए प्रशिक्षण लिया। श्री यादव ने बताया 30 अक्टूबर से पूर्व हम कर्मचारियों को चुनाव ट्रेनिंग देने का कार्य प्रारंभ कर देंगे। इस मर्तबा जिले की सभी नौ विधानसभा सीटों पर अलग-अलग प्रेक्षक नियुक्त किए जा रहे हैं। इसके अलावा संवेदनशील मतदान केंद्र पर भी एक-एक माइक्रो प्रेक्षकों की नियुक्ति की जाएगी।
माइक्रो प्रेक्षक लगातार संबंधित विधानसभा के प्रेक्षक से जुड़ा रहेगा और उसे हर जानकारी मुहैया कराएगा व उसके द्वारा दिए जाने वाले निर्देशों का पालन करेगा। पहली बार ही जिले में सात रिटर्निग ऑफिसर भी नियुक्त किए जा रहे हैं। इससे पहले हुए चुनाव में तीन रिटर्निग ऑफिसर थे।
बुधवार तक जमा कराएं सूची
इंदौर जिले में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान दलों के गठन और अन्य कार्यो के लिए अधिकारी-कर्मचारियों की सूची के भेजने के संबंध में विभागों को जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा बुधवार तक का अंतिम अवसर दिया गया है। इस अवधि के पश्चात जानकारी नहीं देने वाले कार्यालय प्रमुखों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अर्धसैनिक बलों की उपस्थिति में हो चुनाव-कांग्रेस
कांग्रेस: इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी ने आगामी विधानसभा चुनाव केंद्रीय अर्ध सैनिक बलों की उपस्थिति में कराने की मांग की है। इसके साथ ही कार्यक्रम घोषित करने पर उसने केंद्रीय चुनाव आयोग का स्वागत भी किया है। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रमोद टंडन व प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने बताया हमने केंद्रीय चुनाव आयोग को पत्र लिखकर केंद्रीय अर्ध सैनिक बलों की उपस्थिति की मांग की है। म.प्र. में भाजपा की सरकार के आगे पुलिस प्रशासन नतमस्तक है। इससे विधानसभा चुनाव निष्पक्ष तरीके से होना संभव नहीं है।