bhaskar Web English
HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

सेना ने थाने से पुलिस की जीप खींची

ग्वालियर. सुरक्षित माने जाने वाले थाने भी असुरक्षित हो गए हैं। सोमवार की रात को पड़ाव थाने के परिसर में घुसकर 17-18 लोग पुलिस की जीप खींच ले गए। जीप भितरवार थाने की थी और इसे उठाकर ले जाने वाले सेना के जवान थे, ऐसा पुलिस का कहना है।

उल्लेखनीय है कि सोमवार की रात 9.30 बजे पड़ाव थाना परिसर में भितरवार थाने की जीप खड़ी हुई थी, इसी दौरान कुछ अज्ञात लोग आए और गाड़ी को स्टार्ट कर ले गए। रात को पुलिस गाड़ी तलाश करती रही, गाड़ी वापस लेने के लिए सेना के अधिकारियों से बात भी की गई लेकिन जब उधर से कोई रिस्पांस नहीं मिला तो पड़ाव पुलिस ने सेना के अज्ञात 17-18 जवानों के खिलाफ जीप क्रमांक एमपी 03-5698 को चोरी करने का मामला जीप चालक मुकेश कुमार की शिकायत पर दर्ज कर लिया।

मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने जीप की तलाश तेज करवा दी, जीप को मुरार थानाक्षेत्र स्थित मिलिटरी एरिया में तलाश किया गया, इसके लिए मुरार और पड़ाव थाने के टीआई को तैनात किया गया था। एडीशनल एसपी पश्चिम मनोहर सिंह वर्मा के अनुसार, मंगलवार की शाम जीप मिलिटरी एरिया में खड़ी मिल गई।

झगड़े के कारण जीप उठा ले गए थे : एडीशनल एसपी श्री वर्मा के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सोमवार की शाम को सेना के कुछ जवानों का झगड़ा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नं.4 के बाहर खड़े पुलिस वाहन में बैठे पुलिसकर्मी से हुआ था, इसके बाद ये लोग एकत्रित होकर पड़ाव थाने पहुंच गए और उस पुलिसकर्मी के बारे में पूछताछ शुरू कर दी। जब पुलिसकर्मी के बारे में मालूम नहीं चला तो परिसर में खड़ी जीप धक्का देकर स्टार्ट की और ले गए।

पड़ाव थाना परिसर से सेना के कुछ जवानों द्वारा जीप चोरी किए जाने की घटना हुई थी, उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मंगलवार की शाम को वह जीप बरामद कर ली गई है, मामले की जांच की जा रही है।
- वीके सूर्यवंशी,एसपी, ग्वालियर





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: