अजमेर. विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को लागू आचार संहिता का असर अजमेर में भी हुआ। रेवेन्यू बोर्ड प्रशासन ने पदस्थापन की प्रतीक्षा कर रहे आठ-नौ तहसीलदारों को आनन-फानन में पदस्थापित कर दिया।
बोर्ड प्रशासन की ओर से जारी सूची पर सोमवार की तारीख अंकित है, लेकिन माना जा रहा है कि आचार संहिता की वजह से बैक डेट में कार्रवाई की गई है।
एपीओ चल रहे तहसीलदारों को रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए देर शाम तक कार्रवाई चलती रही। मंगलवार रात साढ़े सात-आठ बजे बीच रेवेन्यू बोर्ड परिसर में सूची को लेकर गहमागहमी का माहौल था। हालांकि बोर्ड की आरटीएस शाखा से जुड़े कर्मचारी और अधिकारी इस मुद्दे पर कुछ भी बोलने से बचते रहे। बोर्ड की अध्यक्ष कुशल सिंह ने यह तो माना कि रिक्त पदों पर नियुक्तियां की गई हैं, लेकिन उन्होंने इस बात से इनकार किया कि सूचियां मंगलवार को जारी हुई हैं। उनका कहना है सूचियां सोमवार को ही जारी कर दी गई थीं।
11 लेखाकार पदोन्नत
रेवेन्यू बोर्ड प्रशासन ने सात जिला राजस्व लेखाकारों (डीआरए) को निरीक्षक राजस्व लेखा (आईआरए) और चार तहसील राजस्व लेखाकारों (टीआरए) को जिला राजस्व लेखाकार के पदों पर पदोन्नति दी है।
एपीओ तहसीलदारों को खाली पदों पर नियुक्ति दी गई है, सूची सोमवार को ही जारी कर दी गई थी, यह कहना गलत है कि मंगलवार को सूचियां जारी की गई।
-कुशलसिंह, अध्यक्ष, रेवेन्यू बोर्ड