bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

हत्यारे को उम्रकैद

अजमेर. स्थानीय लोढ़ा धर्मशाला में पिछले वर्ष रिश्तेदार वृद्धा को लूटकर उसकी हत्या कर देने के दोषी युवक को फास्ट ट्रेक कोर्ट ने उम्रकैद व जुर्माने की सजा दी है। आरोपी राजूपुरी (31) पुत्र जंगलपुरी दूदू थाना क्षेत्र के साखूण गांव का रहने वाला है। उसने इसी गांव की 60 वर्षीय शांतिपुरी पत्नी बंशीपुरी को नशीली दवा खिलाकर लूट लिया था और उसकी हत्या कर दी थी। जज महावीर प्रसाद शर्मा ने उसे विभिन्न धाराओं में सजा सुनाई।

यह है मामला
पृथ्वीराज मार्ग स्थित लोढ़ा धर्मशाला के मैनेजर त्रिलोक सिंह ने कोतवाली थाना पुलिस को गत वर्ष 18 जुलाई की सुबह सूचना दी थी कि धर्मशाला के कमरा संख्या 35 में राजूपुरी और वृद्धा कमला उर्फ शांतिपुरी ठहरे हुए थे। राजू वृद्धा की हत्या कर भाग गया है। पुलिस ने वारदात के छह दिन बाद राजू को गिरफ्तार किया था।

इन धाराओं में सजा
अदालत ने राजू को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत उम्रकैद और पांच सौ रुपए जुर्माना, धारा 328 और 397 के तहत सात-सात साल की कठोर कैद और पांच-पांच सौ रुपए जुर्माने की सजा दी है।

20 गवाह, 33 दस्तावेज
विशिष्ट लोक अभियोजक अशोक तेजवानी ने राजू के खिलाफ 20 गवाह और 33 दस्तावेज पेश किए। मृतका के पति बंशीपुरी ने बताया कि राजू उसकी पत्नी को सवामणी के बहाने ले गया था। मृतका राजू के छोटे भाई की सास थी।

तत्कालीन एसीएम प्रियंका जोधावत की मौजूदगी में जेल में शिनाख्त परेड के दौरान धर्मशाला के कर्मचारियों ने राजू को पहचाना। राजू की निशानदेही पर मृतका के कड़े बरामद किए गए। मृतका के विसरा की जांच में नींद की गोलियों के अवशेष पाए गए। धर्मशाला के रजिस्टर में राजू की एंट्री उसकी लिखावट से मेल खा गई। बचाव पक्ष की दलील थी कि राजू को झूठा फंसाया गया है, लेकिन इस बाबत कोई गवाह व सबूत पेश नहीं किया गया।

कातिल की जुबानी
राजू ने पुलिस को बताया कि वह कमला को लेकर लोढ़ा धर्मशाला आया था। दोनों ने वहां सहवास किया। शांति ने सिरदर्द की शिकायत की तो राजू ने उसे दर्द की गोली के साथ नींद की गोलियां भी खिला दी। शांति अचेत हो गई तो राजू बाजार से फनर ले आया। उसने शांति के पांवों से चांदी के कड़े काट लिए। इस दौरान शांति को होश आ गया तो वह गमछे से उसका गला घोटकर फरार हो गया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: