Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood मुंबई.
फिल्म ‘ओम शांति ओम’ के एक गीत में दिग्गज सितारों की भीड़ जमा करने के बाद शाहरुख खान अब ‘रब ने बना दी जोड़ी’ में बीते जमाने के दिग्गज कलाकारों को श्रद्धांजलि देते नजर आएंगे।
शाहरुख खान को बॉलीवुड बादशाह यूं ही नहीं कहा जाता है। वह जो कुछ भी कहते और करते हैं डंके की चोट पर करते हैं। भले ही उनके आलोचक ‘ओम शांति ओम’ की सफलता के लिए उसके एक गाने में लगे बॉलीवुड के जमावड़े को प्रमुख कारण मान रहे हैं, लेकिन सिर्फ भारत में तकरीबन नब्बे करोड़ रुपए का व्यवसाय कर यह फिल्म अभी भी नंबर एक की पोजीशन पर कायम है। इससे जाहिर होता है कि एसआरके को अपने बॉक्स ऑफिस के कद के बारे में भली-भांति मालूम है।
अब वह आदित्य चोपड़ा की फिल्म ‘रब ने बना दी जोड़ी’ को सफलता के नए आयाम देने के लिए जी जान से जुट गए हैं। इसके लिए वह एक बार फिर ‘ओम शांति ओम’ के यूएसपी गाने की तरह नया गाना फिल्माने के लिए निर्माता-निर्देशक को राजी कर चुके हैं। सोनू निगम द्वारा गाए इस बारह मिनट के गाने में हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के पुराने दिग्गज कलाकारों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। मसलन राज कपूर, नरगिस, राजेश खन्ना, शर्मिला टैगोर आदि-आदि।
नए जमाने के कलाकारों की टीम में प्रियंका चोपड़ा और रानी मुखर्जी का नाम तय हो चुका है। फिल्म पंडितों का मानना है कि यह गाना भी जबरदस्त हिट साबित हो सकता है। आखिर बॉलीवुड बादशाह स्वयं इसके फिल्मांकन में रुचि ले रहे हैं।