bhaskar Web English
HomeSportsCricket Cricket

नडाल मेड्रिड मास्टर्स के तीसरे दौर में

मेड्रिड. विश्व के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल मेड्रिड मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट के तीसरे दौर में पहुंच गए हैं। नडाल ने एक संघर्षपूर्ण मुकाबले में लातविया के अर्नेस्ट गुलबिस को 7-5, 3-6, 6-3 से हरा दिया। हालांकि, अपने से कम अनुभवी गुलबिस के सामने नडाल को काफी संघर्ष करना पड़ा, लेकिन 2 घंटे 22 मिनट चले इस मुकाबले में बाजी अंतत: नडाल के हाथ लगी।

गौरतलब है कि इस सत्र में नडाल फ्रेंच ओपन, विम्बलडन, ओलिंपिक स्वर्ण सहित कुल आठ खिताब जीत चुके हैं।

पहले सेट में हुआ कड़ा मुकाबला :

पहले सेट में गुबलिस ने नडाल को कड़ी टक्कर दी और मुकाबले को 5-5 की बराबरी तक ले गए, पर नडाल अपने अनुभव और ताकतवर सर्विस के सहारे पहला सेट 7-5 से जीतने में सफल रहे।

दूसरा सेट गुबलिस के नाम :

दूसरे सेट में गुबलिस ने शानदार वापसी की और इस सेट में नडाल को महज तीन गेम ही जीतने दिया। दूसरा सेट गुबलिस ने 6-3 से अपने नाम किया। पर, तीसरे सेट में नडाल जोरदार खेल दिखाते हुए किसी उलटफेर की संभावना को खारिज कर यह सेट 6-3 से जीतकर मैच जीतने में सफल रहे।

अगला मुकाबला गास्केट से :

शीर्ष वरीय राफेल नडाल का अगला मुकाबला गुरुवार को 15वीं वरीयता प्राप्त रिचर्ड गास्केट से होगा। मार्डी फिश को 3-7, 6-4, 6-3 से हराकर गास्केट तीसरे दौर में पहुंचे हैं।

मरे भी तीसरे दौर में :

चोट की वजह से इटली के सिमोन बोलेली के मैच से हटने के कारण ब्रिटेन के एंडी मरे भी मेड्रिड मास्टर्स के तीसरे दौर में पहुंच गए हैं। हालांकि, मैच से हटने के समय बोलेली 6-0, 2-1 से पीछे चल रहे थे। मरे का अगला मुकाबला क्रोएशिया के मारिन सिलिक से होगा।

ब्लैक उलटफेर का पहला शिकार :

दूसरी ओर, अमेरिका के जेम्स ब्लैक मेड्रिड मास्टर्स में उलटफेर का शिकार होने वाले पहले वरीयता प्राप्त खिलाड़ी हैं। उन्हें फ्रांस के सिमोन गिल्स ने 3-6, 6-1, 6-4 से मात दी। मेड्रिड मास्टर्स में ब्लैक की यह पांचवीं हार है। ब्लैक की इस हार के साथ ही सत्र के आखिरी शंघाई मास्टर्स कप में अमेरिका के ड्रॉप होने का खतरा बढ़ गया है।

राफेल नडाल ने कहा ‘यह एक मुश्किल मुकाबला था, जिसमें जीत दर्ज करना मेरे लिए काफी महत्वपूर्ण था। गुबलिस युवा हैं और उनका भविष्य काफी उज्ज्वल है।’





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: