चंडीगढ़ ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मोहाली क्रिकेट टेस्ट में जब मास्टर-ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर गेंद को मैदान के बाहर भेजते दिखें, तो समझ जाइए कि इन झन्नाटेदार शॉट्स के पीछे हल्दी मिले गर्म दूध का हाथ है। ताज होटल के मुख्य शेफ अमीत कोहली ने बताया कि जिस दिन सचिन को मैच खेलना होता है नाश्ते में उनको गर्म दूध लेना पसंद है। पिछली बार भी जब वे यहां खेलने आए थे तो हम ने उन्हें हल्दी मिला गर्म दूध दिया था।
टेस्ट में सर्वाधिक रन बनाने के रिकॉर्ड से कुछ कदम की दूरी पर खड़े सचिन के बारे में कोहली ने कहा कि गर्म दूध के अतिरिक्त सचिन को नाश्ते में केला, अंडा और बनाना शेक पसंद है।
भरपूर पौष्टिक नाश्ता :
कोहली के अनुसार आमतौर यहां खिलाड़ियों को फाइबर और कैलोरी से भरपूर पौष्टिक नाश्ता दिया जाता है। हालांकि, मांग होने पर हर तरह के फूड उन्हें सर्व किए जाते हैं।
भारतीयों की पसंद पराठा :
मोहाली में होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए यहां रुकी भारतीय टीम के खिलाड़ियों ने बुधवार को बगैर तेल युक्त कुरकुरे पराठे की मांग की जबकि, ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने दक्षिण भारतीय व्यंजन डोसा का लुत्फ लिया। हालांकि, कप्तान रिकी पोंटिंग ने नाश्ते में अंडा लिया। डिनर में दोनों टीम के खिलाड़ियों ने तंदूरी खाना पसंद किया।
सचिन रिकॉर्डस के लिए नहीं खेलते :
सचिन तेंडुलकर के बचपन के दोस्त और टीम के साथी विनोद काबंली ने कहा है कि सचिन कभी रिकॉर्डस बनाने के लिए नहीं खेलते। काबंली ने कहा, ‘क्रिकेट सचिन का जीवन है और वे कभी भी रिकॉर्डस के बारे में नहीं सोचते। उन्हें क्रिकेट खेलने में मजा आता है और रिकॉर्डस के लिए उन पर कभी भी कोई दबाव नहीं होता।’
तैयारी में पड़ा खलल :
सुबह हुई तेज आंधी और बारिश से पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) को मैदानी तैयारियों में बाधा पहुंची। पीसीए के पिच क्यूरेटर दलजीत सिंह ने कहा, ‘अचानक मौसम में आए बदलाव से हमारी तैयारियों में बाधा पहुंची है। आंधी की वजह से मैदान पर बिछाए कवर उड़ गए और आउट फील्ड में पानी भर गया।’ दलजीत सिंह ने बताया कि प्रैक्टिस विकेट भी भीग गया, पर खुशी कि बात है कि मैच विकेट बारिश से बच गया है।