देवास/बरखेड़ासोमा. जिला मुख्यालय से 65 किमी दूर करनावद में बुधवार सुबह दलित और पाटीदार समाज के बीच हुए संघर्ष में मानवाधिकार आयोग भोपाल के टीआई के पुत्र को जिंदा जलाकर मार डाला। गुस्साए लोगों ने 16 घरों में आग लगाकर जमकर उत्पात भी मचाया।
सुबह 8.30 बजे करनावद में शरदोत्सव का विजर्सन जुलूस निकल रहा था। जुलूस जब सोनेर मोहल्ले में पहुंचा मानवाधिकार आयोग के टीआई दशरथसिंह सोनेर के बेटे विशाल (34) ने दलित समाज के हथियारबंद साथियों के साथ पहुंचकर हमला कर दिया जिसमें चार-पांच लोग घायल हो गए। बदला लेने के लिए पाटीदार समाज के सैकड़ों लोगों ने पूरी बस्ती का घेराव कर आग लगा दी।
कई वाहन भी जला दिए। दहशतजदा लोग किसी तरह बचते-बचाते भागे। विशाल घर के पीछे से निकलकर नाले की ओर भागा। पेड़ी घाटी के पास भीड़ ने विशाल को घेरकर खूब पीटा और केरोसिन डालकर जिंदा जला दिया।
करीब तीन घंटे बाद कलेक्टर डॉ. नवनीत मोहन कोठारी व पुलिस अधीक्षक डॉ. मयंक जैन करनावद पहुंचे। इस बीच पुलिस ने घरों में घुसकर पाटीदार समाज के लोगों को पिटते हुए बाहर निकाला। करीब 40 लोगों को हिरासत में लिया है जबकि कई लोग खेतों की तरफ भाग खड़े हुए। साढ़े तीन बजे डीआईजी उज्जैन रेंज विपिन माहेश्वरी भी पहुंच गए।
कलेक्टर ने एसडीएम को फटकारा कलेक्टर श्री कोठारी ने बागली एसडीएम आर.एस. चौधरी को घटना के एक घंटे बाद सूचना देने पर भीड़ के समक्ष जमकर फटकारा। कलेक्टर ने कहा घटना की तत्काल जानकारी देना थी, यह गैरजिम्मेदाराना रवैया है।
सभी को जिंदा जलाने की कोशिश थी
टीआई श्री सोनेर की छोटी बहू सुमित्रा ने कहा मंगलवार की शाम हमारे परिवार की महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने को लेकर विवाद हुआ था। सुबह साढ़े नौ बजे अचानक 700-800 हथियारबंद लोग आए व हमला बोल दिया। घरों से नहीं निकले तो सभी 16 घरों में आग लगा दी और कहा सभी को जिंदा जला देंगे। डीआईजी श्री माहेश्वरी ने बताया हाटपीपल्या टीआई पी.एन. मालवीय समय पर नहीं पहुंचते तो सभी लोगों को जिंदा जला देते।
अब तक 40 लोगों को हिरासत में लिया है। किसी के खिलाफ केस दर्ज नहीं किया गया है। जांच के बाद केस दर्ज किया जाएगा।
-राजेश चंदेल एडिशनल एसपी
मामले की जांच की जा रही है। गिरफ्तारी के लिए सर्चिग शुरू कर दी गई है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
-डॉ. नवनीत मोहन कोठारी