bhaskar Web English
HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

अटक गई नर्मदा

भोपाल. जल संकट के दौर में राजधानीवासियों की प्यास बुझाने लाए जा रहे नर्मदा जल की परियोजना को करारा झटका लगा है। इस योजना के तहत शाहगंज से निकलने वाली नदी पर बन रहे इंटकवेल से सड़क तक पहुंचने के लिए बनाए जा रहे पुल की ड्राइंग को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने निरस्त कर दिया है।

इसकी वजह से इंटकवेल से सड़क तक बिछाई जाने वाली करीब 600 मीटर लंबी पाइपलाइन और पुल का कार्य कम से कम एक साल पिछड़ने की संभावना है, क्योंकि इस काम को कर रही कंपनी दूसरी ड्राइंग देने के लिए फिलहाल तैयार नहीं है।

सूत्रों के अनुसार शाहगंज में 14 करोड़ रुपए का यह काम केवीएल कोया-वीएटेक (संयुक्त उपक्रम) को दिया गया है। यहां पहले बॉक्स गर्डर पुल का प्रस्ताव था, पर सर्वे में इसे योग्य नहीं पाया गया। ठेकेदार ने इसके लिए सॉलिड स्लैब टाइप पुल का विकल्प दिया था।

खर्च हो चुके हैं 1.70 करोड़
सूत्रों का कहना है कि दिसंबर 07 को पुल के जाने-माने विशेषज्ञ सीबी कांड ने भी बॉक्स गर्डर पुल के स्थान पर सॉलिड स्लैब पुल को उचित बताया था और विभाग ने भी इसके आधार पर जनवरी 08 में ड्राइंग को स्वीकृत कर दिया था। इसके बाद अभी तक कंपनी द्वारा करीब 1.70 करोड़ रुपए का काम किया जा चुका है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि ठेकेदार दूसरी ड्राइंग देगा, जबकि यह काम कर रही कंपनी के सूत्र बताते हैं कि विभाग ने ड्राइंग निरस्त किए जाने वाले आदेश में ऐसा कुछ नहीं लिखा है। फिर इतनी बड़ी राशि खर्च होने के बाद दूसरी ड्राइंग का पुल बनाने से अतिरिक्त खर्च होगा।

इंटेकवेल तक पहुंचने के लिए बनाए जा रहे पुल की ड्राइंग को तकनीकी आधार पर निरस्त किया गया है। ठेकेदार जब भी दूसरी ड्राइंग देगा, हम तुरंत उसे स्वीकृत कर काम शुरू करा देंगे। इससे परियोजना के काम पर असर नहीं पड़ेगा।
- केके प्यासी, मुख्य अभियंता पीएचई भोपाल जोन

सीबी कांड ने क्या दी थी सलाह
विस्तृत सर्वे के बाद लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने सलाहकार सीबी कांड से इस बारे में राय ली। श्री कांड ने दैनिक भास्कर को बताया कि उन्होंने भी बॉक्स गर्डर पुल को खतरनाक बताया था, क्योंकि उसकी गहराई दो मीटर होने से पुल को हमेशा खतरा बना रहता। ठेकेदार ने जो छोटे-छोटे सॉलिड स्लैब वाले पुल की डिजाइन बनाई थी, वह बिलकुल ठीक थी।

हैदराबाद में बैठक
सूत्रों के अनुसार इंटकवेल और उस तक पहुंचने वाले मार्ग के पुल का काम करने वाली कंपनी की हैदराबाद में बैठक हो रही है। बैठक में अन्य मुद्दों के अलावा पुल की ड्राइंग निरस्त होने के बाद कंपनी अपने फैसले पर विचार करेगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: