नई दिल्ली. अब डाक घरों से सोना भी खरीदा जा सकेगा। डाक विभाग ने बुधवार को महाराष्ट्र, तमिलनाडु व दिल्ली के करीब सौ प्रधान डाक घरों से इस योजना के पहले चरण की शुरुआत की।
शुद्ध सोने की बिक्री
दूरसंचार राज्यमंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि योजना के तहत 24 कैरेट का शुद्ध सोना बेचा जाएगा। बिक्री आधा ग्राम, एक ग्राम, पांच ग्राम और आठ ग्राम के सिक्कों के रूप में होगी, जिनकी कीमत बाजार के आधार पर तय की जाएगी। लेकिन, डाक घरों में ये बाजार से कम कीमत पर उपलब्ध होंगे।
रिटेल में संभावनाएं
सिंधिया ने कहा कि सोना बिक्री के अनुभव का उपयोग डाक विभाग के रिटेल कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए किया जाएगा।
पायलट प्रोजेक्ट
इस मौके पर दूरसंचार मंत्री ए राजा ने कहा कि फिलहाल यह योजना देश के चुनिंदा शहरों से शुरू की जा रही है। जल्द ही इसे गांव-देहात में भी शुरू किया जाएगा।
खरा सोना ही मिलेगा
डाक विभाग ने इसके लिए रिलायंस मनी और स्विट्जरलैंड स्थित वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल से समझौता किया है। यह सिक्के सील कवर में पैक होंगे। इन पर बालकंबी स्विटजरलैंड की मुहर लगी होगी। इनकी प्रमाणिकता के लिए खरीदार को सत्यापन प्रमाणपत्र भी जारी किया जाएगा। दूसरे चरण में बेचे जाने वाले सिक्कों पर डाक विभाग का लोगो छपा होगा।