दुबई.
स्थगित चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट अगले साल सितंबर माह में आयोजित की जाएगी। बुधवार को आईसीसी बोर्ड की बैठक में चैंपियंस ट्रॉफी का कार्यक्रम पुन: निर्धारित करते हुए इसे सितंबर 2009 में कराने का निर्णय लिया गया। हालांकि, टूर्नामेंट आयोजित करने वाले मेजबान शहर के बारे में अंतिम फैसला अगले साल भारत के पाकिस्तान दौरे के बाद लिया जाएगा।
गौरतलब है कि पाकिस्तान के खराब सुरक्षा हालात और विदेशी टीमों के वहां खेलने से इंकार करने के कारण आईसीसी ने इस वर्ष सितंबर माह में पाकिस्तान में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी को स्थगित कर दिया था।
एक ही शहर में होगा आयोजन
आईसीसी बोर्ड की बैठक के दूसरे दिन आठ टीमों के इस टूर्नामेंट को अगले वर्ष 24 सितंबर से 5 अक्टूबर के बीच कराने की सहमति बनी है। साथ ही बोर्ड ने इस टूर्नामेंट को कई शहरों के स्थान पर अब एक ही शहर में कराने का निर्णय किया है।
टूर्नामेंट की अवधि भी घटी
इस वर्ष पाकिस्तान में होने वाले चैंपियंस ट्रॉफी की अवधि 17 दिन की निर्धारित थी। पर, बुधवार को चैंपियंस ट्रॉफी के पुन: निर्धारित कार्यक्रम में इसकी अवधि 12 दिन की कर दी गई है। टूर्नामेंट की अवधि कम किए जाने की वजह से अब इसे एक ही शहर में आयोजित किया जाएगा।
2009 के फ्यूचर टूर प्रोग्राम में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का कार्यक्रम निर्धारित कर लिए जाने से हम काफी खुश हैं और अब हम अगले वर्ष सितंबर-अक्टूबर माह में इस टूर्नामेंट को यादगार बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं।’
-डेविड मोर्गन, आईसीसी अध्यक्ष
अगले वर्ष चैंपियंस ट्रॉफी के आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए जिस एकजुटता का परिचय सदस्यों ने दिया उससे मैं काफी उत्साहित हूं।’
-हारून लोगार्ट, आईसीसी सीईओ