भोपाल. इस वर्ष दीपावली के त्यौहार पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की देशव्यापी हड़ताल से राजधानी के लाखों ग्राहकों और बाजार के प्रभावित होने की संभावना है।
अधिकृत सूत्रों के अनुसार इस हड़ताल से राजधानी में करीब 75 करोड़ रुपए प्रतिदिन का कारोबार प्रभावित होगा। बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसबीआई की आफीसर्स एसोसिएशन द्वारा यह घोषणा की गई कि अपनी मांगों के समर्थन में वे और उनके सहयोगी बैंक 20 अक्टूबर से बेमियादी हड़ताल पर चले जाएंगे।
एसोसिएशन के अध्यक्ष केएन शर्मा और महासचिव समीर बैनर्जी के अनुसार पेंशन के पुराने मामलों का सेटलमेंट और नए रेट पर पेंशन की मांग के साथ सभी सहयोगी बैंकों का स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ विलय की मांगें प्रमुख हैं।
उनका कहना था कि विभिन्न स्तर पर इन मांगों को रखा गया, लेकिन प्रबंधन और बोर्ड ने इस ओर ध्यान नहीं दिया इसलिए सभी अधिकारियों ने हड़ताल पर जाने का फैसला लिया है। उन्होंने जानकारी दी कि इसके पूर्व भी 18 अगस्त को एक दिवसीय एवं 24-25 सितंबर को दो दिवसीय हड़ताल कर एसबीआई के चेयरमैन को चेताया गया था।
इस हड़ताल में एसबीआई के छह में से पांच सहयोगी बैंक भी हड़ताल पर रहेंगे। राहत की बात यही रहेगी कि इस हड़ताल में स्टेट बैंक ऑफ इंदौर के अधिकारी शामिल नहीं हैं और वहां सामान्य दिनों के माफिक कामकाज होगा।