bhaskar Web English
HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

प्रसव के भारी-भरकम खर्चो से निजात

भोपाल. परिवार में नन्हें मेहमान की आमद का पता चलना हर किसी के लिए सुखद होता है, लेकिन गर्भवती की देखभाल, बार-बार चेकअप, तरह-तरह की जांचें और आखिर में सुरक्षित और सुविधाजनक ढंग से प्रसव करवा पाना किसी समस्या से कम नहीं होता।

सरकारी अस्पतालों का प्रचलित ढर्रा, भारी भीड़ के कारण वहां अफरा-तफरी का माहौल तो प्राइवेट अस्पतालों में भारी-भरकम खर्च यानी कि मध्यमवर्गीय परिवार के लिए प्रसव कराना परेशानी भरा काम होता है, क्योंकि सरकारी अस्पतालों में वह प्रसव कराना नहीं चाहता और प्राइवेट अस्पतालों के भारी-भरकम खर्च उसके बजट से बाहर होते हैं। ऐसे ही परिवारों के लिए राजधानी के एक एनजीओ ‘निवेदिता शैक्षणिक अनुसंधान एवं विकास परिषद’ ने इसके लिए ‘स्पर्श’ नाम से एक योजना शुरू की है। गौतम नगर स्थित स्पर्श हॉस्पिटल में एक सप्ताह तक प्रसव पूर्व की सभी जांचें नि:शुल्क की जा रही हैं। इनमें एएनसी चेकअप, सोनोग्राफी, पैथालॉजी सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों का उपचार परामर्श भी शामिल है।

स्पर्श के संचालक विपिन शर्मा बताते हैं कि स्पर्श का पंजीयन शुल्क छह हजार रुपए रखा गया है, लेकिन योजना के शुरुआती दौर में दो हजार रुपए का डिस्काउंट देते हुए पंजीयन महज चार हजार रुपए में किए जा रहे हैं। नौ महीने तक संपूर्ण जांचें और सामान्य से लेकर सीजर प्रसव तक के लिए पूरी दुनिया में यह सबसे सस्ती और सुविधाजनक योजना है। श्री शर्मा के मुताबिक स्पर्श का उद्देश्य व्यावसायिक कतई नहीं है। इतने कम पैकेज में व्यवसाय की तो कल्पना भी नहीं की जा सकती। आकस्मिक मातृत्व सेवा केंद्र के मार्फत राजधानी में बीपीएल परिवारों के लिए नि:शुल्क प्रसव परिवहन योजना का सफलतापूर्वक संचालन करने वाले इस एनजीओ ‘निवेदिता’ द्वारा अब मध्यमवर्गीय परिवारों की सेवा-सहायता पर ध्यान केंद्रित किया गया है।

स्पर्श द्वारा पंजीयन शुल्क में सभी प्रकार की जांचें (सोनोग्राफी, पैथालॉजी एवं अन्य चेकअप पूरे नौ महीने तक जितनी भी बार जरूरत होगी) नि:शुल्क कराई जाएंगी। गर्भवती महिलाओं को टीके, खानपान, स्वयं की देखभाल, आहार-विहार, पोषण आहार परामर्श और जरूरी दवाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। योगा, व्यायाम, प्राणायाम का प्रशिक्षण भी इसमें शामिल है। रजिस्ट्रेशन शुल्क में ही गर्भवती माता को घर से अस्पताल तक लाने और ले जाने के लिए एम्बुलेंस सुविधा नि:शुल्क मुहैया कराई जाएगी। खास बात यह है कि अगर ऑपरेशन के जरिए प्रसव की स्थिति बनती है तो वह भी पंजीयन शुल्क में ही करवाया जाएगा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: