|
News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. शराब पीकर अपनी मां के साथ मारपीट कर रहे युवक का बीच-बचाव करने पर अपने छोटे भाई से विवाद हो गया। दोनों भाइयों में हाथापाई के दौरान शराबी गिर पड़ा और उसके सिर में गहरी चोट आई। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
बेलगहना चौकी पुलिस के अनुसार घटना ग्राम आमागोहन के राखड़पारा की है। 35 वर्षीय मिथुनदास उर्फ श्यामदास शराब पीने का आदी था। वह अक्सर शराब के नशे में धुत होकर परिजन के साथ मारपीट करता था। इससे घर के सदस्य तंग आ गए थे। सोमवार की रात लगभग 8 बजे वह शराब पीकर लड़खड़ाते हुए घर पहुंचा। घर पहुंचकर वह गाली-गलौज करने लगा। वह अपनी मां के पास पहुंचा और उससे पेंशन में मिले हुए रुपए मांगने लगा। उसकी मां ने रुपए देने से इनकार कर दिया।
यह बात उसे बुरी लग गई। वह अपनी मां से बहस करने लगा। बात बढ़ गई और उसने अपनी मां की ही पिटाई शुरू कर दी। घर में उस समय मिथुन का छोटा भाई सुंदरदास मानिकपुरी भी मौजूद था। उसने अपने भाई को समझाने की कोशिश की, पर वह नहीं माना। बीचबचाव करने पर वह सुंदर से ही भिड़ गया।
दोनों के बीच बहस होने लगी। बात बढ़ी और दोनों के बीच झूमाझटकी होने लगी। गुस्से में आकर सुंदर ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। इस बीच अचानक मिथुन नीचे गिर गया। उसके सिर में गंभीर चोट आई और कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मामले में सुंदर के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।