|
होशियारपुर. जिला पुलिस ने आज एक युवती और एक युवक का अलग-अलग स्थान से शव बरामद किया है। दोनों की शव नग्नावस्था में थे। युवती का शव मुकेरियां थाने के अंतर्गत आते मुकेरियां हाईडल पावर हाऊस नंबर चार तथा युवक का शव थाना सदर के अंतर्गत आते गांव कक्कों के एक खेत से बरामद हुआ है।
बुधवार सुबह मुकेरियां पुलिस को इस बात की सूचना मिली कि मुकेरियां हाईडल पावर हाऊस नंबर चार पर एक युवती का शव पड़ा है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर शव को नहर से बाहर निकाला और अपने कब्जे में ले लिया। युवती के शरीर पर कहीं कोई निशान नहीं हैं।
प्राथमिक जांच के दौरान मामला नहर में फिसलने से हुई मौत का लगता है। युवती की उम्र 26-27 वर्ष प्रतीत होती है।
उधर दूसरी तरफ गांव कक्कों में एक स्कूल के सामने खाली पड़े प्लाट में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। गांव के पंच गुरचरण दास बंटू ने इसकी सूचना सदर पुलिस को दी। एसआई सुखविंदर सिंह के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस फोर्स वहां पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। शव की पहचान महिंदर सिंह उर्फ मेंहदी पुत्र हंसा सिंह निवासी बस्सी ख्वाजू के रूप में हुई है। आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि मृतक मेहनत मजदूरी करता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तीन दिन पहले भी मिला था एक शव
अभी तीन दिन पहले ही मेहटियाणा थाने के अंतगर्त भी एक युवक का शव मिला था। इस शव की अभी तक शिनाख्त भी नहीं हो पाई है।