Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

रायपुर जिले की 13 में से अधिकांश सीटों पर सीधी टक्कर

रायपुर रोचक चुनावी संघर्ष की वजह से जिले की विधानसभा सीटों पर पिक्चर क्लीयर नहीं हो पाई है। वर्तमान विधायक जहां कठिन चुनौती का सामना कर रहे हैं वहीं निर्दलीय भी अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं।

रायपुर शहर की चारों सीटों पर नजदीकी मुकाबला चल रहा है। रमन सरकार के राजस्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल को प्रदेश युवक कांग्रेस के अध्यक्ष योगेश तिवारी ने कड़ी टक्कर दी है। रायपुर ग्रामीण में प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा छठवीं बार विधायक बनने मैदान में हैं लेकिन उनके लिए क्षेत्र नया होने के कारण भाजपा के नंदकुमार साहू ने उन्हें चुनौती में फंसा दिया।

रायपुर पश्चिम में रमन सरकार के मंत्री राजेश मूणत और कांग्रेस के संतोष अग्रवाल के बीच संघर्ष में भाजपा के बागी वीरेंद्र पांडे ने अपनी उपस्थिति दिखाई है।

रायपुर उत्तर में भाजपा के सच्चिदानंद उपासने और कांग्रेस के कुलदीप जुनेजा के बीच टक्कर है। दोनों विधानसभा चुनाव के लिए नए हैं लेकिन समर्थकों की फौज की वजह से वहां रोचक संघर्ष हो रहा है।

धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा विधायक देवजी पटेल को कांग्रेस के छत्रपाल सिरमौर चुनौती दे रहे हैं। जातिगत समीकरण के चलते दोनों ने खूब दांव मारा।

अभनपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष धनेंद्र साहू कांग्रेस से फिर चुनाव मैदान में हैं। भाजपा के चंद्रशेखर साहू ने उनको कठिन चुनौती दी है। साहू मतदाताओं पर दोनों की अच्छी पकड़ है।

बिलाईगढ़ विधानसभा सीट परिसीमन के बाद नई बनी है। वहां पलारी के विधायक शिव डहरिया को कांग्रेस ने प्रत्याशी बनाया है। भाजपा के डा. सनम जांगड़े से उनका मुकाबला है। वैसे बसपा के दयाराम खुराना ने त्रिकोणीय संघर्ष की स्थिति पैदा की है।

कसडोल विधानसभा क्षेत्र में वैसे तो 16 प्रत्याशी मैदान में हैं लेकिन यहां मुख्य रूप से कांग्रेस विधायक राजकमल सिंघानिया और भाजपा के योगेश चंद्राकर के बीच मुकाबला है। श्री चंद्राकर पहलीबार चुनाव मैदान में हैं।

बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस विधायक गणोशशंकर वाजपेयी को भाजपा की श्रीमती लक्ष्मी बघेल से चुनौती मिल रही है। श्रीमती बघेल पहली बार चुनाव मैदान में हैं। भाटापारा में कांग्रेस विधायक चैतराम साहू अपने प्रतिद्वंद्वी शिवरतन शर्मा से मुकाबला कर रहे हैं। आरंग विधानसभा में भाजपा विधायक संजय ढीढी और कांग्रेस के रुद्रसेन के मुकाबले में कांग्रेस के बागी गंगूराम बघेल ने त्रिकोणीय संघर्ष के हालात पैदा कर दिए।

राजिम विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने नए चेहरे के रूप में संतोष उपाध्याय को उतारा है। उनके सामने कांग्रेस के पूर्व मंत्री अमितेश शुक्ल हैं। शुक्ल परिवार की राजनीति का हवाला देते वे भाजपा से सीट छीनने की कोशिश में लगे रहे।

बिंद्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस विधायक ओंकार शाह को भाजपा के डमरूधर पुजारी से चुनौती मिल रही है। अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित इस सीट पर जातिवाद महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: