|
News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior मुरैना. राजस्थान की महिला डकैत कोमेश गुर्जर, जो 11 लाख रुपए के इनामी डकैत जगन गुर्जर की प्रेमिका है, को बाड़ी पुलिस ने मंगल-बुध की दरम्यानी रात बंडापुरा इलाके से पकड़ लिया। घायल महिला डकैत को राजस्थान के धौलपुर जिले की पुलिस ने शार्ट एनकाउंटर के बाद पकड़ा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात धौलपुर जिले के बाड़ी थाने की पुलिस बीहड़ में जगन गुर्जर गिरोह की तलाश कर रही थी। पुलिस अधीक्षक धौलपुर विकास कुमार को सूचना मिली थी कि जगन का गिरोह सरमथुरा थाने के बंडपुरा इलाके में है।
एसपी ने पुलिस पार्टियों को निर्देशित करके संबंधित क्षेत्र की घेराबंदी के निर्देश दिए। बाड़ी थाने की पुलिस ने बंडपुरा इलाके में मुखबिर के बताए स्थान की घेराबंदी शुरू की तो डकैतों की ओर से फायरिंग होने लगी। पुलिस ने भी मोर्चा लेकर गोलीबारी शुरू कर दी। डकैत जगन एके-56 से ताबड़तोड़ फायरिंग करता हुआ भागा। गिरोह की ओर से जब गोलियां चलनी बंद हो गईं तो पुलिस ने मौके की सर्चिग की, जिसमें उन्हें एक महिला घायल अवस्था में पड़ी मिली। जिसको पुलिस ने डकैत कोमेश के रूप में पहचाना।
मुठभेड़ में घायल हुई थी कोमेश
उल्लेखनीय है कि शनिवार-रविवार की मध्यरात्रि को एक बजे मुरैना जिले के पुलिस से डकैत जगन गुर्जर गिरोह की मुठभेड़ हो गई थी। इस शार्ट एनकाउंटर में तीन डकैत घायल हुए थे, जिनमें कोमेश गुर्जर भी शामिल थी। मौके पर थ्री नाट थ्री राइफल समेत कोमेश का काफी सामान भी पुलिस को मिला था। हालांकि पुलिस ने पहले तो केवल दो डकैतों के घायल होने की बात कही थी। जिसमें एक जगन का भाई लालसिंह बताया था। मुठभेड़ में अहम भूमिका निभाने वाले चिन्नोनी थाना प्रभारी संजीवनयन शर्मा ने भी कल मोबाइल पर पुष्टि कि डकैत कोमेश घायल हुई है। बीती रात को कोमेश बंडपुरा के एनकाउंटर में पकड़ी गई।
बुधवार को जारी थी मुठभेड़
धौलपुर पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बुधवार बताया कि डकैत कोमेश गुर्जर को पकड़ लिया है। एसपी धौलपुर ने कहा कि एनकाउंटर अभी चल रहा है। पूरा होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट की जा सकेगी।