|
अमृतसर जिंदगी में कुछ कर गुजरने की जिद लिए सरूप रानी कालेज में पढ़ने वाली एमए द्वितीय वर्ष की छात्रा शिवानी शास्त्रीय नृत्य में अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं। इस साल गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी में आयोजित जोनल यूथ फेस्ट में शिवानी ने शास्त्रीय नृत्य में प्रथम स्थान प्राप्त करके अपने कालेज और मां-बाप का नाम रोशन कर दिया है।
बचपन की हसरत अब पूरी हुई
शिवानी ने बताया कि उन्हें बचपन से ही नृत्य का शौक था, पर कोई गुरु नहीं मिला। सीनियर सकेंडरी की शिक्षा के बाद उन्होंने जब अपनी हसरत पेरेंट्स को बताई तो उन्होंने पूरा सहयोग का आश्वासन दिया। फिर नृत्य का जो सफर मैंने शुरू किया वह आज भी जारी है, और आने वाले दिनों मंे मैं इसे दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचाउंगी। उन्होंने बताया कि शुरू में कुछ कमियां जरूर थीं, लेकिन सरूप रानी कालेज में दाखिला लेने का बाद प्रोफेसर रश्मि नंदा और संजीव कुमार से उन्हें नृत्य की हर विधा से पारंगत बना दिया। वे कहती हैं कि आज उन्हीं की वजह से ही मैं सफल हूं।
दुनिया में चलेगा विरासत का जादू
शिवानी का कहना है कि लोग पश्चिमी सभ्यता का अंधानुकरण कर रहे हैं, ऐसे में हमें अपनी संस्कृति बचाने के लिए पहल करनी होगी। शिवानी शास्त्रीय नृत्य के माध्यम से अपनी विरासत का जादू पूरी दुनिया में बिखेरंेगी। उनकी उपलब्धियों को देखते हुए उन्हें पंजाब नाटशाला में रोटरी क्लब द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है। वह नृत्य को ही करियर के रूप में अपनाएंगी और आगे चलकर इसी की टीचर बनना चाहती हैं।