|
झाबुआ. कांग्रेस के महासचिव राहुल गांधी ने सात मिनट के धाराप्रवाह भाषण में कहा गांधी परिवार का आदिवासियों से गहरा नाता रहा है। पहले इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और माता सोनिया गांधी आई, अब मैं आपके बीच आया हूं। मैं आपका हूं और आप सब मेरे हैं।
गुरुवार दोपहर करीब एक बजे राहुल गांधी हेलिकॉप्टर से झाबुआ पहुंचे। शासकीय महाविद्यालय के खेल मैदान पर भीड़ भरी सभा में उन्होंने कहा मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार है जो बिजली, सड़क व पानी के मुद्दे को ही भूल गई जबकि दिल्ली की यूपीए सरकार ने चार साल में चार बड़े प्रोग्राम बनाए। इसमें १क्क् दिन के रोजगार की गारंटी वाली राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, वन भूमि पर आदिवासी का अधिकार वाला वन अधिनियम, शिक्षा के साथ-साथ बच्चों को स्कूल में भोजन मिले इसलिए मिड डे मील और सबसे बड़ा प्रोग्राम किसानों की कर्ज माफी का।
हम बदलेंगे तकदीर
राहुल गांधी ने हरदा में भाजपा और उसके नेताओं पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा भाजपा जो कहती है वो करती नहीं। कांग्रेस ने जो वादे किए वे पूरे किए। कांग्रेस को मौका देते हैं तो कोशिश यह रहेगी कि प्रदेश की तस्वीर बदल देंगे और गरीब की तकदीर।
श्री गांधी अपने भाषण की शुरुआत 11.48 बजे की और आठ मिनट तक वे धाराप्रवाह भाजपा की खामियां गिनाते रहे और कांग्रेस की तारीफ करते रहे। उनके भाषण के दौरान श्रोताओं ने दो बार तालियां बजाकर उनकी बात का समर्थन और स्वागत किया। एक बार तब, जब उन्होंने किसानों की कर्ज माफी के यूपीए सरकार के फैसले का जिक्र किया और दूसरी बार तब, जब उन्होंने आतंकवाद का मुद्दा बना रही भाजपा की सरकार के कार्यकाल के दौरान विमान अपहरण कांड में आतंकवादियों को छोड़ने के विषय को उठाया।
नए मुद्दे तलाश रही है भाजपा
श्री गांधी ने कहा पांच साल पहले भाजपा ने प्रदेश के लोगों से कहा था कि कांग्रेस ने बिजली,पानी और सड़क पर काम नहीं किया। हम पांच साल में मध्यप्रदेश को बदल डालेंगे। हर घर में बिजली रहेगी और सड़कें बनेंगी। प्रदेश का चेहरा बिलकुल बदल जाएगा। अब पांच साल हो गए कुछ ही दिनो में चुनाव हैं। आज वे न बिजली की बात कर रहे, न पानी की और न सड़क की। अब वे नए मुद्दे तलाश रहे हैं। वे महिलाओं की बात कर रहे हैं लेकिन एक रिपोर्ट के आंकड़े बताते हुए श्री गांधी ने कहा कि उसमें बताया है कि पांच साल में मध्यप्रदेश में महिलाओं पर सबसे ज्यादा अत्याचार के मामले हुए हैं।
हमने जो कहा वो किया
कांग्रेस महासचिव ने श्री गांधी ने कहा कि हमने चार साल पहले जो कहा था वह किया। हमारी आम आदमी की गरीब की सरकार होगी। इसके लिए हमने रोजगार गारंटी योजना, मध्याह्न भोजन कार्यक्रम, आदिवासी वन अधिकार कानून और कर्ज माफी जैसे फैसले किए।
कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी ने हरदा की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि बताते हुए कहा कि 1817 में थब और पिंडारियों के अत्याचार को यहां के लोगों ने समाप्त किया था अब वह समय दोबारा आ गया है। अत्याचार को समाप्त करने के लिए बदलाव करना होगा। श्री पचौरी ने कांग्रेस के घोषणा पत्र के बिंदुओं को भी श्रोताओं के सामने रखा। सभा के अंत में श्री गांधी ने हरदा के कांग्रेस प्रत्याशी हेमंत टाले और टिमरनी के कांग्रेस प्रत्याशी मांगीलाल परते का भीड़ से परिचय कराया और उन्हें जिताने की अपील की।
नारों से हुआ स्वागत
श्री गांधी की चुनावी सभा को सुनने के लिए सुबह नौ बजे से हरदा के महात्मा गांधी स्कूल के पीछे मैदान पर भीड़ जुटना शुरू हो गई थी। रात में बूंदाबांदी के कारण सुबह मौसम में हल्की ठंडक के बावजूद लोग स्वेटर-शॉल ओढ़कर सभास्थल पर पहुंचने लगे थे। दोपहर 11.24 बजे जैसे ही लोगों ने आसमान में हेलिकाप्टर को देखा तो राजीव गांधी अमर रहें, सोनिया गांधी जिंदाबाद और राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगाने लगे।
सुरक्षा कर्मियों के हेलिकॉप्टर के कुछ मिनट बाद एक निजी हेलिकाप्टर उतरा जिसमें श्री गांधी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी, पार्टी के प्रदेश प्रभारी नारायण सामी थे। साढ़े ग्यारह बजे तक सूर्य चढ़ चुका था और धूप तेज हो गई थी। इसके बावजूद श्री गांधी को देखकर सभी खड़े हो गए। हेलिकाप्टर से उतरते ही उन्होंने सभास्थल पर मौजूद भीड़ का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। मंच पर श्री गांधी, श्री सामी, श्री पचौरी, युवक कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक तंवर, अभा कांग्रेस के सदस्य एकनाथ अग्रवाल, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अनिल पटेल ही मौजूद थे।
हैलीपेड और मंच एसपीजी सुरक्षा के कब्जे रहा
राहुल गांधी की एसपीजी सुरक्षा के कारण सभा स्थल पर सख्ती के साथ चैकिंग की जा रही थी। तीन दरवाजे वाले मेटल डिटेक्टर लगाए गए थे और तीन खोजी श्वान वहां घूम रहे थे। स्कूल के पीछे बनाए गए हैलीपेड और मंच पर एसपीजी का कब्जा था। मंच पर माइक तक किसी कांग्रेस कार्यकर्ता को भी नहीं जाने दिया गया। श्रोताओं को बांधे रखने के लिए किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष दिनेश यादव मैदान में कार्ड लैस माइक लेकर घूमते हुए भाषण और सूचनाएं दे रहे थे।
युवाओं की पैरवी
मंदसौर जिले की चार में से तीन सीट पर युवाओं को मौका दिए जाने की बात पर श्री गांधी ने कहा हमने युवाओं को खड़ा किया है और ये जीतेंगे। ये नए तरीके की राजनीति लाएंगे, नए तरीके से विकास करेंगे। जब वोट डालने जाए तो ऐसी सरकार चुने जो किसान व गरीब की हो।
प्रदेश सरकार भ्रष्ट
राहुल गांधी ने कहा यूपीए सरकार ने गरीबों के लिए सबसे बड़ी योजना के रूप में राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना शुरू की है। जिसे अब सभी जिलों में लागू किया जा चुका है। इसके लिए रुपए केंद्र से भेजे जा रहे हैं लेकिन प्रदेश में बैठी भाजपा सरकार ने इस योजना को अपना बताकर भारी भ्रष्टाचार किया है।
यह बात कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद राहुल गांधी ने जीरापुर में कांग्रेस प्रत्याशी प्रियवृतसिंह खींची के समर्थन में चुनावी आमसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेताओं ने इन योजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण करके भोले-भाले लोगों को गुमराह करने का काम किया है। इसके अलावा पांच साल पहले किए वादे पूरा नहीं करने पर अब उनकी चर्चा करने को ही तैयार नहीं हैं। इसलिए अब वे नई-नई बातें और खोखले वादे लेकर जनता के बीच पहुंच रहे हैं। जबकि असलियत यह है कि गरीबों और किसानों के लिए सिर्फ यूपीए सरकार ने योजनाएं शुरू की हैं और लोगों ने इनका फायदा भी उठाया है।