Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsMetrosChandigarh Chandigarh

24 घंटे के भीतर रिजल्ट!

चंडीगढ़ हमेशा विवादों के घिरे में रहे हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन (एचपीएससी) की कारगुजारी इस बार हैरान करने वाली रही है। सिविल जज की परीक्षा में बैठे 5500 उम्मीदवार उस समय आश्चर्य चकित रह गए, जब उन्हें पता चला कि परीक्षा के 24 घंटे के भीतर ही परिणाम आ गया है। परीक्षा पास करने वाले 800 परीक्षार्थियों में 300 ऐसे हैं, जो हरियाणा से बाहर के हैं।

कहीं से नहीं मिली कोई शिकायत:

सिविल जज के 78 पदों को भरने के लिए एचपीएससी ने परीक्षा के लिए पंचकूला में 16 केन्द्र बनाए थे। परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए हर केन्द्र पर आईएएस अफसरों की ड्यूटी लगाई गई थी। यही वजह है कि कहीं से किसी तरह की कोई शिकायत नहीं मिली। साढ़े तीन साल बाद एचपीएससी ने पहली बार यह परीक्षा आयोजित की थी।

पंजाब यूनिवर्सिटी के भी 50 छात्र:

सिविल जज के लिए आयोजित प्रारंभिक परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों में 50 छात्र पंजाब यूनिवर्सिटी के हैं। परीक्षा में बैठने वाले एक उम्मीदवार सुशील का कहना है, ‘आम तौर पर एचपीएससी नियुक्ति की प्रक्रिया को पूरा करने में एक साल से ज्यादा समय लगा देती है, लेकिन इस बार परीक्षा के अगले ही दिन परिणाम घोषित करने से लगता है कि कमीशन अपनी पुरानी विवादास्पद छवि को खत्म करने के लिए सजग है।’

आसपास के राज्यों के छात्र उत्साहित:

परीक्षा परिणाम को लेकर हरियाणा से बाहर के छात्र उत्साहित हैं। उन्हें उम्मीद है कि राज्य से बाहर के होने के कारण उनके साथ अन्याय नहीं होगा। परीक्षा पास करने वालों में पंजाब, दिल्ली, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, उत्तरांचल, पश्चिम बंगाल, बिहार, राजस्थान, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के परीक्षार्थी शामिल हैं।

मुख्य परीक्षा 20 दिसंबर तक :

सिविल जज के लिए मुख्य परीक्षा 20 दिसंबर के आसपास आयोजित किए जाने की संभावना है। परीक्षा में कामयाबी हासिल करने वाले उम्मीदवारों के अगले साल जनवरी में इंटरव्यू होंगे और फरवरी तक उनके अपनी ड्यटी ज्वाइन कर लेने के आसार हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: