Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

चरित्र हनन करने वाली पुस्तक किसने छापी

जयपुर. मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के चरित्र हनन करने वाली पुस्तक बांटे जाने के मामले में मुखर होते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि इस तरह की पुस्तक किसने छापी और किसने वितरित की, इसकी जांच सीबीआई से होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हालांकि वह पुस्तक उन्होंने पढ़ी नहीं है, लेकिन जांच में इस बात का भी खुलासा होना चाहिए कि आखिर ऐसी पुस्तक छापने की जरूरत क्यों पड़ी।

गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सार्वजनिक रूप से कह रही हैं कि महिला होने के कारण उनका चरित्र हनन किया जा रहा है। वे उनसे जानना चाहते हैं कि आखिर कांग्रेस में ऐसा कौन नेता है जिसने उनका चरित्र हनन किया। गहलोत ने कहा कि कांग्रेस वसुंधरा राजे को महिला ही नहीं बल्कि राजस्थान के मुख्यमंत्री के रूप में देखती है, और मुख्यमंत्री की गरिमा क्या होती है, इसे अच्छी तरह से समझती है। उन्होंने कहा कि यदि सत्ता में आए तो 90 बी खत्म कर देंगे। गहलोत ने कहा कि भाजपा सरकार विभिन्न योजनाओं के नाम ही बदलती रही।

काम कुछ नहीं किया। कांग्रेस सरकार ने किसानों और भूखंडधारियों की सुविधा के लिए नियमों में 90 बी का प्रावधान किया था, लेकिन जिस तरह से इस सरकार में 90 बी का दुरुपयोग हुआ है। उसे देखते हुए सत्ता में आने पर कांग्रेस इस प्रावधान को ही खत्म कर देगी।

पारदर्शी भ्रष्टाचार : गहलोत ने कहा कि यह पहली सरकार है जो पारदर्शी भ्रष्टाचार के लिए पहचानी जाएगी। भाजपा सांसद कैलाश मेघवाल ने आरोप लगाया कि 5000 करोड़ का भ्रष्टाचार हुआ है। घनश्याम तिवाड़ी और नरपतसिंह राजवी कहते हैं मुख्यमंत्री के फैसले पारदर्शी नहीं है। भाजपा के जिन अन्य बड़े नेताओं ने भ्रष्टाचार की बात कही है उनका इशारा भी मुख्यमंत्री की तरफ है।

पहली बार मुख्यमंत्री की मॉनीटरिंग पर आरोप लगे। हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन अजयपाल और वन राज्यमंत्री सिंघवी की योजनाएं पहले तो अवाप्त की गई। उनके यहां छापे डलवाए गए और जब सौदेबाजी हो गई तो उन्हें क्लीन चिट दे दी गई।

कर्मचारियों को भड़काया : गहलोत ने आरोप लगाया कि उनके शासन में भाजपा ने कर्मचारियों को उनके खिलाफ भड़काया था, जबकि वे अकाल की मजबूरी से उनकी मांगें बाद में पूरी करना चाहते थे। लेकिन अब किसान, मजदूर, कर्मचारी सहित विभिन्न वर्गो को इस सरकार की कथनी-करनी का अंतर पता चल चुका है। सभी वर्ग कांग्रेस के साथ है और भारी बहुमत से कांग्रेस सरकार बनाएगी।

गहलोत से सवाल-जवाब : -

सवाल : सत्ता में आने पर आप 90 बी प्रकरणों में हुए भ्रष्टाचार की जांच कराएंगे।
जवाब : 90 बी ही नहीं अन्य मामले भी दिखवाएंगे।
सवाल : चुनाव से पहले आपको जेड प्लस सुरक्षा क्यों मिली है।
जवाब : कामां दुखांतिका के समय उन्हें पूर्व केन्द्रीय मंत्री के बेटे, वहां के एस.पी. और कलेक्टर ने धमकियां दी थीं। हेलीकॉप्टर तोड़ने की कोशिश की गई। कर्मचारियों की रिपोर्ट के आधार पर सुरक्षा दी गई है।
सवाल : क्या आमेर में खरीदी गई हवेली और किलों की भी जांच कराई जाएगी।
जवाब : हवेली, किले, खंडहर आजकल देशभर में चर्चित हैं। मैंने पहले भी कहा है कि मुख्यमंत्री वसुंधरा पहले खंडहरों और किलों से क्लीन चिट लें।
सवाल : आपके एक पूर्व मंत्री आज भाजपा में शामिल हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि आप अपने शासन में खजाना खाली होने का बहाना करते रहे। विकास नहीं किया।
जवाब : उन्हें 8 दिसंबर 2003 को ही भाजपा में शामिल हो जाना चाहिए था। उनकी वही जगह ठीक है। जनार्दन इस समय वसुंधरा की भाषा बोल रहे हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: