|
जालंधर संत नगर में वीरवार रात लैक्चरार बिंदू बाला की मां की हत्या कर दी गई और हत्यारे बिंदू को भी अधमरा कर भाग निकले। हाईपरएक्टिव पुलिस ने पूरे शहर की नाकाबंदी कर आरोपियों को चंद घंटों में ही दबोच लिया। सूत्रों के अनुसार हत्यारोपी कोई और नहीं बिंदू का चचेरा भाई रिंकू और उसका दोस्त हैरी हैं।
दोनों आदमपुर के गांव अलावलपुर के रहने वाले हैं। हत्या के बाद आरोपियों ने घर में लूटपाट भी की। हालांकि यह साफ नहीं हो सका कि वह क्या-क्या ले गए। पुलिस गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं कर रही है पर इतना जरूर बताया कि आरोपी रिश्तेदार हैं। बिंदू के सिर में गंभीर चोटें होने के कारण उसे देर रात सिविल अस्पताल से निजी अस्पताल में रैफर कर दिया गया।
मां की हत्या..
मृतका राजरानी (65) पत्नी स्व. जगदीश चन्द्र का शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया। एसएसपी पवन राय ने घटना के तुरंत बाद दोनों को पकड़ने के लिए अपनी सारी फोर्स को अलर्ट कर दिया था और हाईपर एक्टिव पुलिस ने कुछ ही समय में दोनों को काबू कर लिया। हत्यारों ने फ्लावर पोट से मां बेटी के सिर पर जानलेवा हमला किया था।
संत नगर में करीब 8 बजे उस समय सनसनी फैल गई जब घायल बिंदू ने मोहल्ले में रहती मुंह बोली मौसी राजिंदर कौर को फोन कर घटना की जानकारी दी। राजिंदर कौर जब अंदर आई तो खून से सनी मां-बेटी को देख शोर मचाना शुरु कर दिया। मोहल्ले के लोग अंदर आए और बिंदू को कार में डालकर अस्पताल ले गए। सिर में गहरी चोट लगने से मौके पर ही राजरानी की मौत हो चुकी थी।