|
News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. मतदाता परिचयपत्र के बिना सिंधी स्कूल परिसर में घुसने की कोशिश कर रहे लोगों को पुलिस जवानों द्वारा रोके जाने से हंगामा खड़ा हो गया। लोगों के समर्थन में नगर निगम सभापति रतन डागा सामने आए तो बीएसएफ के जवानों ने उन पर बंदूक टिका दी, इससे वहां तनाव के हालात बन गए।
सुबह 11 बजे लोग बूथ तक जाने के लिए पर्चियां दिखा रहे थे, लेकिन जवान बूथ की बजाय परिसर में ही प्रवेश के लिए मतदाता परिचयपत्र दिखाने कह रहे थे। वे इस मामले में उलझे हुए थे, तभी श्री डागा ने हस्पक्षेप किया और लोगों की आपत्ति को सही बताते हुए जवानों को समझाने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने उन पर बंदूक टिका दी और भीड़ की ओर गोली चलाने की धमकी भी देने लगे।
उसके बाद आसपास तनाव फैल गया। लोग दहशत में आ गए। लोगों का कहना है कि भीतर घुसने के लिए केवल पर्ची दिखानी पड़ती है, लेकिन उनसे वोटर आईडी कार्ड मांगा जा रहा था। हंगामे के बाद थोड़ी देर के लिए मतदान रुक गया। निगम सभापति ने फिर फोन से मामले की शिकायत कलेक्टर और एसपी से की। पुलिस के तमाम अफसर भी स्कूल पहुंच गए। कलेक्टर ने बूथ के पीठासीन अधिकारी से मामले की जानकारी मांगी। अफसर ने गेट पर जाकर जायजा लिया और लोगों की शिकायतें सुनीं। अफसर के हस्तक्षेप के बाद जवानों ने लोगों को भीतर जाने दिया।