|
News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. चुनाव आयोग द्वारा राज्य में पहली बार शुरू किए गए हेल्पलाइन सेंटर का प्रयोग फेल हो गया। जिले की चार सीटों के करीब 600 मतदान केंद्रों में हेल्पलाइन का फायदा लोगों को नहीं मिल पाया। लोग पर्चियां और वोटरआईडी कार्ड की समस्याएं लिए बूथ के बाहर गेट पर भटकते रहे। उन्हें भीतर हेल्पलाइन में जानकारी लेने के लिए भी घुसने नहीं दिया गया।
मौदहापारा स्थित गुजराती स्कूल में हेल्पलाइन काउंटर भीतर था। दर्जनों लोगों की पर्चियां गलत और कुछ के परिचय पत्र को लेकर शिकायतें थीं। उन्हें जवानों ने हेल्पलाइन तक पहुंचने ही नहीं दिया गया, क्योंकि यह बूथ के पास थीं। पुरानी बस्ती में नवीन कन्या शाला, सुंदरनगर स्थित कर्मा स्कूल, खमतराई, भनपुरी, बिरगांव स्थित आडवाणी स्कूल, देवेंद्रनगर स्कूल समेत शहर के तमाम मतदान केंद्रों का यही हाल रहा।
आयोग ने सभी मतदान केंद्रों में हेल्पलाइन काउंटर की व्यवस्था की थी। लेकिन 90 प्रतिशत से ज्यादा केंद्रों में काउंटर कैंपस के भीतर स्थापित कर दिया गया और कैंपस के बाहर गेट पर जवान तैनात थे, जिन्होंने किसी को घुसने नहीं दिया।
अधूरी हेल्पलाइन, लोग नाराज
वैसे तो सभी जगह हेल्पलाइन सेंटरों के काउंटर खाली थे, क्योंकि जिन्हें शिकायतें थी वे बाहर भटक रहे थे। लोगों के मुताबिक हेल्पकाउंटर में पदस्थ महिलाएं केवल पर्चियां बांटने का काम कर रही थीं। केंद्र या इलाके से संबंधित जानकारियों से वह खुद अनजान थीं। लोगों ने इस बात पर खासी नराजगी भी जताई। हेल्पलाइन की वजह से ऐसे सैकड़ों लोग मतदान से चूके।