|
News
Chhattisgarh
Raipur Raipur मुंगेली. जमीन खरीद-फरोख्त में हुए 1.35 करोड़ के मुनाफे पर विवाद के चलते एक ही परिवार के तीन लोगों की नृंशस हत्या कर दी गई। घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना मुंगेली से 10 किमी दूर ग्राम चमारी की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हरिवृंदा सतनामी ने लैनदास, मोती समेत अपने कुछ रिश्तेदारों के साथ मिलकर कुछ महीने पहले गांव के मालगुजार से 300 एकड़ जमीन 80 हजार रुपए प्रति एकड़ की दर से खरीदी थी। उन्होंने इस जमीन का सौदा हरियाणा के किसानों से सवा लाख रुपए एकड़ की दर से कर लिया।
खरीदी-बिक्री में हुई मोटी कमाई की हिस्सेदारी को लेकर रिश्तेदारों में विवाद हो गया। यही रंजिश सामूहिक हत्या की वजह बनी। गुरुवार सुबह 10 बजे हरि सतनामी और मुन्ना तलवार और फरसा लेकर गांव में घुसे और लैनदास के परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। परिवार का जो सदस्य जहां दिखा, वहीं उसे ढेर कर दिया गया। लैनदास (60) और उसके बेटे मोती (45) ने आरोपियों को देख घर से भागने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने सड़क पर ही उनको दबोच लिया और हत्या कर डाली। घर में मौजूद मोती की बेटी मनीषा (13) आरोपियों के हमले में बाल-बाल बची।
मोती की पत्नी यशोदा (40) अपने बेटे गोलू के साथ खेत में काम करने गई थी। आरोपियों ने खेत में ही घेरकर उन पर हमला कर दिया। यशोदा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस को खून से लथपथ गोलू खेत में बेसुध पड़ा मिला। सबूत मिटाने के लिए आरोपियों ने लैनदास सतनामी, मोती और यशोदा की लाशों पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी थी। उनके घर को भी आग के हवाले कर दिया गया। घर में तेजी से फैली आग ने आसपड़ोस के चार-पांच घरों को अपनी चपेट में ले लिया।
हमले में बुरी तरह घायल मनीषा किसी तरह पड़ोस के गांव दामापुर के मतदान केंद्र पहुंची और वहां तैनात पुलिस जवानों को पूरी घटना की जानकारी दी। कुछ ही देर में पुलिस दल चमारी पहुंच गया और उसने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। दमकल दस्ते ने तीन घंटे मशक्कत के बाद आग बुझाई। गांव से फरार दूसरे आरोपी मुन्ना की तलाश की जा रही है। मनीषा और उसके भाई गोलू को मुंगेली में प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर के सिम्स अस्पताल भेजा गया है।