|
भोपाल
वैश्विक मंदी के चलते लगभग सभी उत्पादों की मांग में कमी आई है ऐसे में कीमतें कम होने की उम्मीद जताई जा रही थी पर कुछ कंपनियों ने कीमतें बढ़ा दी हैं। इसका असर शहर पर भी पड़ा है। विशेषज्ञों के अनुसार मंदी के चलते वैसे भी बाजार में खरीद कम हो रही थी कीमतें बढ़ने से खरीद और कमजोर पड़ेगी। ऐसे में मंदी से निपटना मुश्किल हो जाएगा।
विशेषज्ञों के अनुसार डॉलर की कीमत रुपए के मुकाबले मजबूत हुई है, पिछले दिनों इसकी कीमत 20 प्रतिशत तक बढ़ी है। ऐसे में वे उत्पाद महंगे हुए हैं जिनमें आयातित उपकरण या पार्ट लगते हैं। लैपटॉप की कीमतों में लगभग 6 से 10 फीसदी का उछाल आने की उम्मीद विशेषज्ञों को है। ब्रांडेड और असेम्बल्ड कम्प्यूटर्स की कीमतों में 20 फीसदी और कम्प्यूटर कंपोनेंट की कीमतों में भी 10 से 15 फीसदी की वृद्धि हुई है।
इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद हुए महंगे
तरंग इलेक्ट्रॉनिक्स के प्रोपराइटर नवजोध सिंह ने बताया कि एलजी और सैमसंग ने एयरकंडीशन 6 से 8 प्रतिशत महंगे हो गए हैं। सोनी कंपनी के सभी उत्पाद लगभग 5 प्रतिशत महंगे हो गए हैं। एलजी और सैमसंग एक-दो दिन के अंदर टेलीविजन और रेफ्रीजरेटर पर 6 से 7 फीसदी कीमत बढ़ाने जा रही हैं। सैमसंग डिजिटल वल्र्ड के सेल्स प्रमोटर सचिन शर्मा ने बताया कि कंपनी की तरफ से कीमतें बढ़ाने की सूचना मिल चुकी है। शुक्रवार से टेलीविजन, रेफ्रीजरेटर, एयरकंडीशन और अन्य उत्पादों की कीमतें चार से पांच फीसदी बढ़ा दी जाएंगी।
महंगा कर दिया मोबाइल
मोबाइल हैंडसेट निर्माता कंपनी नोकिया ने कुछ हैंडसेट की कीमतें बढ़ा दी हैं। समीर म्यूजिक के संचालक कैलाश वाधवानी का कहना है कि शहर में 14 नवंबर से नोकिया के मोबाइल 500 से 600 रुपए महंगे हो गए हैं। आयात महंगा हो गया है अत: सभी कंपनियों को आज नहीं तो कल कीमतें तो बढ़ानी ही होंगी।
20 फीसदी तक महंगे हुए कम्प्यूटर
बूटकॉम कम्प्यूटर्स के संचालक और ब्रांडेड कम्प्यूटर डीलर प्रकाशचंद्र गुप्ता ने बताया कि रुपए में गिरावट के चलते ब्रांडेड और असेम्बल्ड दोनों ही तरह के कम्प्यूटर महंगे हो रहे हैं। कंपनियों ने डीलर्स को दिए जाने वाले इंसेंटिव्स और सेल्स प्रमोशन स्कीम पर रोक लगा दी है। कुछ कंपनियों ने मूल्य वृद्धि की है तो कुछ ने फीचर्स कम कर दिए हैं। कंपोनेंट की कीमत और ब्रांडेड कम्प्यूटर की कीमत में 20 फीसदी तक का इजाफा हो चुका है। 22,000 रुपए वाले लैपटॉप की कीमत बढ़कर लगभग 28,000 रुपए के आसपास पहुंच गई है। कॉम्पैक और डेल लैपटॉप डीलर मुकेश अग्रवाल ने बताया कि लैपटॉप की कीमतों में 6 से 7 फीसदी तक की मूल्यवृद्धि हो जाएगी। फिलहाल कीमतों में वृद्धि नहीं की है क्योंकि कंपनियां कीमतों पर नियंत्रण रखने की कोशिश में हैं।