Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

दो बूथ में पुनर्मतदान की मांग

बिलासपुर. सरगुजा जिले के रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र के बकावल गांव के अंतर्गत दो मतदान केंद्रों में पुनर्मतदान कराने की मांग की गई है। पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने गृह मंत्री रामविचार नेताम पर इस सीट से कांग्रेस प्रत्याशी बृहस्पति सिंह के साथ मारपीट करने तथा फर्जी वोटिंग करने का आरोप लगाया है। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त सहित जिला रिटर्निग अधिकारी व पुलिस अधिकारियों को फैक्स संदेश भेजकर कार्रवाई की मांग की है।

रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र से भाजपा से गृह मंत्री रामविचार नेताम तथा कांग्रेस से बृहस्पति सिंह प्रत्याशी हैं। इस सीट पर दोनों के बीच गुरुवार को हुए मतदान में कांटे की टक्कर थी। प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के संयोजक अजीत जोगी ने श्री नेताम के खिलाफ चुनाव आयोग को लिखे पत्र में श्री नेताम पर बृहस्पति सिंह के साथ मारपीट करने तथा अपने प्रभाव का दुरुपयोग करते हुए फर्जी वोटिंग कराने की शिकायत की है।

आयोग को लिखे पत्र के मुताबिक बकावल स्थित बूथ क्रमांक 22 एवं 23 में जब शाम को कांग्रेस प्रत्याशी बृहस्पति सिंह लोगों से मिलकर निकल रहे थे, उसी समय रामविचार नेताम ने अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंच कर उनके साथ मारपीट की। इसके बाद बूथ के अंदर प्रवेश कर मतदान अवधि समाप्त होने के बाद फर्जी मतदान करना जारी रखा। श्री जोगी ने आरोप लगाया कि गृहमंत्री के द्वारा किए जा रहे फर्जी मतदान के परिणामस्वरूप उस गांव के रहने वाले वास्तविक मतदाता मतदान नहीं कर पाए। इससे दुखी होकर गांव वालों ने पोलिंग बूथ को घेर लिया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: