|
News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. पश्चिमी विक्षोभ से मौसम में आए अचानक परिवर्तन का असर गुरुवार को विमान सेवाओं पर पड़ा। नई दिल्ली में कोहरा छाने से विमानों को समय पर नहीं उड़ाया जा सका, इस वजह से ग्वालियर आने वाला विमान लेट हो गया।
गुरुवार की अल सुबह नई दिल्ली में काफी कोहरा छाया हुआ था। इस कारण विमान सेवाओं के संचालन में दिक्कतें आ रहीं थीं। नई दिल्ली से विमान निर्धारित समय पर उड़ान नहीं भर सके। वहां से ग्वालियर आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट भी कोहरे की चपेट में आई। उसे भी नई दिल्ली से समय पर नहीं उड़ाया जा सका। नई दिल्ली से उड़ा विमान सुबह 8.30 के स्थान पर 11 बजे ग्वालियर के राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल पर उतरा।
इस विमान से यहां से जबलपुर जाने वाले यात्रियों को काफी देर तक हवाई अड्डे पर इंतजार करना पड़ा। बीस मिनट बाद विमान 11.20 बजे जबलपुर के लिए रवाना हुआ। जबलपुर पहुंचने के बाद वहां से उड़ा विमान भी ग्वालियर लेट आया। यह विमान ग्वालियर दोपहर 2.20 बजे ग्वालियर आकर हवाई अड्डे पर उतरा। वहां से नई दिल्ली के लिए विमान ने 2.40 बजे उड़ान भरी।
ट्रेनों पर भी असर:नई दिल्ली में कोहरे का ट्रेनों के संचालन पर आंशिक प्रभाव पड़ा। नई दिल्ली से आने वाली शताब्दी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 15 मिनट देर से ग्वालियर आई।