|
डूंगरपुर.
आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत की पुष्टि होने पर उदयपुर नगर परिषद में आयुक्त और आरएएस अधिकारी महावीर खराड़ी को एपीओ कर दिया गया है। डूंगरपुर जिला निर्वाचन अधिकारी ने खराड़ी के खिलाफ कार्रवाई के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र भेजा था। आरएएस महावीर खराड़ी की पत्नी प्रकृति खराड़ी आसपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी है।
कांग्रेस प्रत्याशी राईया मीणा ने जिला निर्वाचन अधिकारी को शिकायत की थी कि महावीर खराड़ी नामांकन के दिन 15 नवंबर की शाम पत्नी के पक्ष में आसपुर क्षेत्र में प्रचार कर रहे थे। रिटर्निग आफिसर ने इस प्रकरण की जांच आसपुर तहसीलदार एलएन सिंह को सौंपी। सिंह ने जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंप दी, जिसमें आरोप प्रमाणित बताए गए थे।
डूंगरपुर के आचार संहिता अनुपालना अधिकारी आनंदीलाल बैराठी ने बताया कि आरएएस अधिकारी महावीर खराड़ी के खिलाफ 15 नवंबर को साबला स्थित होटल शिवानी में ठहरने तथा वहां कार्यकत्र्ताओं से भाजपा प्रत्याशी प्रकृति खराड़ी को जिताने की अपील करने की पुष्टि हुई है। जिला निर्वाचन अधिकारी के जरिए उक्त जांच रिपोर्ट कार्रवाई के लिए राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भिजवा दी है।
शिकायत प्रमाणित पाई गई। कार्मिक विभाग ने महावीर खराड़ी को एपीओ कर दिया है। खराड़ी का मुख्यालय जयपुर में कार्मिक विभाग होगा।
- नीरज के पवन, कलेक्टर, डूंगरपुर