|
भोपाल साजिद फरीद शापू देवास के पुलिस अधीक्षक पदस्थ किए गए हैं। वे अभी 25 वीं बटालियन भोपाल में सेनानी थे। दूसरी तरफ दमोह के एसपी आरएस साकेत और एडिशनल एसपी एके पयासी बीमार हो गए हैं। उनकी जगह नए अधिकारी पदस्थ किए जाने के लिए राज्य शासन ने नामों का पैनल भेजा है।
दतिया जिले के बसाही थाने के प्रभारी, एएसआई और प्रधान आरक्षक को स्वतंत्र चुनाव में बाधक मानते हुए तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। चुनाव आयोग ने निर्वाचन कार्य में सुस्ती के चलते गुरुवार को देवास के एसपी मयंक जैन को हटा दिया था। शुक्रवार को उनके स्थान पर श्री शापू को पदस्थ करने का आदेश जारी कर दिया गया।
उन्हें डकैत विरोधी अभियान में सफलता के लिए जाना जाता है। दूसरी तरफ अचानक बीमार पड़ गए श्री साकेत और श्री पयासी की जगह नए अफसर पदस्थ करने की भी आयोग ने इजाजत दे दी है। इसके लिए राज्य शासन ने आयोग को अफसरों के नाम का पैनल भेजा है।
गौरतलब है चुनाव कार्र्यो में ‘दबाव’ के चलते बीमार पड़ने पर इसी महीने दतिया के तत्कालीन कलेक्टर पीजी गिल्लौरे की जगह प्रदीप कुमार खरे को कलेक्टर पदस्थ किया गया था। इसी तरह रीवा जिले के डभौरा में पदस्थ एसडीओपी जेपी अहिरवार के बीमार पड़ने की वजह से वहां नए एसडीओपी की तैनाती करना पड़ी थी।
थानेदार, एएसआई और हवलदार को हटाया :
चुनाव आयोग ने प्रेक्षक की रिपोर्ट पर शुक्रवार को दतिया जिले के बसाही थाने के प्रभारी विनायक शुक्ला, एएसआई उमेश चौहान और प्रधान आरक्षक शिशुपाल सिंह भदौरिया को हटा दिया है। प्रेक्षक ने रिपोर्ट में कहा है कि ये कर्मचारी स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के विपरीत काम कर रहे हैं। इनकी जगह नई पदस्थापनाओं के लिए भी राज्य शासन से पैनल मांगा गया है।