|
Sports
Other Sports Other Sports चेन्नई
तीसरी बार विश्व चैंपियनशिप जीतने वाले भारतीय सुपर ग्रैंडमास्टर विश्वनाथन आनंद का वीरवार रात को अपने गृहनगर चेन्नई पहुंचने पर शानदार स्वागत किया गया। आनंद ने जर्मनी के बोन शहर में हुई विश्व चैंपियनशिप के दौरान रूस के व्लादीमिर क्रैमनिक को आसानी से मात देकर तीसरी बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था।
यह खिताब जीतने के २४ दिन बाद आनंद अपनी पत्नी अरुणा के साथ आधी रात को लुफ्थांसा एयरलाइंस के विमान से चेन्नई पहुंचे। एयरपोर्ट पर उनके रंगारंग स्वागत के लिए अखिल भारतीय शतरंज महासंघ और तमिलनाडु शतरंज संघ ने बंदोबस्त किया हुआ था। एक पुजारी ने तमिल संस्कृति की पारंपरिक रस्म पूर्णकुंभम के साथ आनंद और अरुणा का स्वागत किया।
इस अवसर पर नादस्वरम के सुर भी इस विश्व चैंपियन की अगवानी में स्वर लहरियां बिखेरने के लिए मौजूद थे। वेलम्मल स्कूल तथा एनआईआईटी के सैंकड़ों छात्र भी अपने हाथों में तिरंगा थामे हुए वहां मौजूद थे।
आनंद के माता-पिता भी अपने लाड़ले सपूत का स्वागत करने के लिए एयरपोर्ट पर मौजूद थे। एयरपोर्ट पर हुए संक्षिप्त कार्यक्रम के बाद आनंद अपने परिवार के साथ घर के लिए रवाना हो गए। उनकी भारत में कुछ सप्ताह रुकने की योजना है।