|
कराची
पाक क्रिकेट बोर्ड के पूर्व प्रमुख तौकीर जिया का मानना है कि विवादित तेज गेंदबाज शोएब अख्तर का इंटरनेशनल करिअर समाप्त हो गया है। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि बोर्ड को शोएब के लिए एक विदाई मैच का आयोजन करते हुए उन्हें हमेशा के लिए बाहर का रास्ता दिखा देना चाहिए। शोएब अनफिट हैं और इंटरनेशनल क्रिकेट के लायक नहीं हैं। यदि वे क्रिकेट नहीं छोड़ रहे हैं, तो बोर्ड को इस बारे में सोचना चाहिए।
नए अध्यक्ष सहमत नहीं
इधर बोर्ड के वर्तमान अध्यक्ष एजाज बट इस बात से सहमत नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मैं जिया की काफी इज्जत करता हूं, लेकिन उनकी इस बात से सहमत नहीं हूं। शोएब अभी कुछ साल और पाक क्रिकेट की सेवा करने में सक्षम हैं। यदि वे पूरी तरह फिट हो जाएं, तो हमें उन जैसा गेंदबाज नहीं मिल सकता।
आईसीएल खिलाड़ियों को टीम में लेने का दबाव
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के डीजी जावेद मियांदाद ने कहा है कि आईसीएल के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय टीम में लेने के लिए देश की जनता काफी दबाव बना रही है। क्रिकेट जगत में भेदभाव के लिए भारतीय बोर्ड जिम्मेदार है। बीसीसीआई के पास पैसे की ताकत है और उसने इसी के दम पर सभी बोर्डे को आईसीएल खिलाड़ियों पर प्रतिबंध लगाने के लिए मजबूर किया। इस लीग से कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी जुड़े हुए हैं और हम उन्हें राष्ट्रीय टीम में लेने के विकल्प पर विचार कर रहे हैं।