|
Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood मुंबईभले ही फिल्म आलोचक करण जौहर निर्मित फिल्म ‘दोस्ताना’ को नकारात्मक रिव्यू दे रहे हों, लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर आज भी सर्वाधिक कमाई करने वाली फिल्मों में से एक बनी हुई है। इससे अगर कोई सबसे ज्यादा उत्साहित है तो वह हैं जॉन अब्राहम, जो अंत भला तो सब भला की तर्ज पर कहते नहीं थक रहे हैं कि फिल्म की सफलता और असफलता दर्शक तय करते हैं। अगर ‘दोस्ताना’ बॉक्स ऑफिस पर धन कूट रही है तो इसका सीधा अर्थ है कि दर्शकों को फिल्म पसंद आ रही है। इसके बाद किसी और की वर्डिक्ट अपने मायने खो देती है।
अपनी बात को समझाते हुए वह कहते हैं, ‘दोस्ताना की सफलता मेरे लिए बहुत मायने रखती है। इस तरह की फिल्में बननी चाहिए है। करण की दृढ़ता और तरुण का समर्पण रंग लाया।’ यह बात भी गौर करने वाली है कि फिल्म में जॉन की बॉडी को बेहद पसंद किया जा रहा है।
इस पर वह कहते हैं, ‘मुझे अच्छा लगा कि परदे पर लोगों ने मुझे पसंद किया। हमें यह बात नहीं भूलनी चाहिए कि फिल्म एक दृश्य-श्रव्य माध्यम है। ऐसे में हमारा फर्ज बनता है कि हम दर्शकों को कुछ ऐसा दें जिसे वे याद के तौर पर खुशी-खुशी घर ले जा सकें। मैं इस कड़ी में अब यही कहना चहूंगा कि किसी कलाकार की परफारमेंस जाया नहीं जाती, बल्कि यही उसका और फिल्म का भविष्य तय करती है।’
कुछ लोग ‘दोस्ताना’ को जॉन की अबतक की सर्वश्रेष्ठ फिल्म बता रहे हैं, इस पर वह कहते हैं, ‘यही तो मैं भी कहना चाहता हूं।
अगर आप फिल्म दर फिल्म तारीफ बटोरते हैं तो मतलब स्पष्ट है कि आप सही सीढ़ियां चढ़ रहे हैं। दर्शकों ने पहले मुझे ‘टैक्सी नंबर 9211’ में सराहा, फिर उन्हें ‘नो स्मोकिंग’ पसंद आई। उसके बाद ‘दनदनादन गोल’ उनकी अपेक्षाओं पर खरी उतरी और अब बारी ‘दोस्ताना’ की है। इससे मुझे पता चलता है कि मैं सही दिशा में आगे बढ़ रहा हूं।’