|
News
International International न्यूयार्क
अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के अंतरिक्ष यान ने मंगल ग्रह पर चट्टानी मलबे के रक्षात्मक आवरण के नीचे छिपे विशाल ग्लेशियरों का पता लगाया है। ये ग्लेशियर इससे पहले मंगल पर पता लगाई गई बर्फ से काफी निचले अक्षांश पर मौजूद हैं। वैज्ञानिक नासा के अंतरिक्ष यान की राडार से मिले आंकड़ों का विश्लेषण करने के बाद इस नतीजे पर पहुंचे हैं।
इससे जुड़ी अध्ययन रिपोर्ट जर्नल ‘साइंस’ के 21 नवंबर के अंक में प्रकाशित की गई है। रिपोर्ट में बताया गया कि ये दबे हुए ग्लेशियर पहाड़ों के किनारों से लेकर दर्जनों मील तक फैले हुए हैं। नासा का कहना है कि यह खोज उन विशाल बर्फीले ग्लेशियरों के समान है, जिन्हें अंटार्कटिका की पथरीली सतहों के नीचे खोजा गया था।
आस्टिन स्थित टेक्सास यूनिवर्सिटी के जॉन डब्ल्यू हॉल्ट ने बताया, ‘कुल मिलाकर ये ग्लेशियर मंगल ग्रह पर बर्फीले पानी का विशालतम जलाशय का प्रतिनिधित्व करते हैं।’ जिस ग्लेशियर का अध्ययन किया गया वह लॉस एंजिलिस शहर से तीन गुना बड़ा और लगभग आधा मील मोटा है। इस तरह के कई और ग्लेशियर हैं। ये ग्लेशियर मंगल पर जीवन की संभावना के लिए जरूरी पानी का स्रोत हो सकते हैं।