|
News
International International वाशिंगटन/शिकागो.
पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन की पत्नी हिलेरी क्लिंटन का अमेरिका का विदेश मंत्री बनना लगभग तय हो गया है। अमेरिका के नव निर्वाचित राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अगले हफ्ते तक इस पद के लिए हिलेरी को नामित करने की योजना बनाई है।
वहीं, मीडिया की खबरों के मुताबिक सेवानिवृत्त जनरल जेम्स जोंस राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) पद की दौड़ में सबसे आगे हैं। नव निर्वाचित राष्ट्रपति के ट्रांजिशन दल के सहयोगियों ने नाम गुप्त रखने की शर्त पर बताया कि ओबामा प्रशासन में हिलेरी को अहम पद देने के लिए चल रही प्रक्रिया गुरुवार को पटरी पर आई।
उन्होंने बताया कि आगामी गुरुवार को अमेरिका की थैंक्सगिविंग हालीडे के बाद हिलेरी को विदेश मंत्री चुना जा सकता है।
शुरू से थे उत्साहित :
सलाहकार ने बताया कि ओबामा शुरुआत से ही हिलेरी को विदेश मंत्री बनाने को लेकर उत्साहित थे। उनका मानना है कि हिलेरी अमेरिका के राजनयिक रिश्तों को मजबूत और विश्वसनीय बनाएंगी।
स्टेनबर्ग भी एनएसए के दावेदार :
उधर, एबीसी न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक एनएसए पद के लिए ओबामा का झुकाव जेम्स जोंस की ओर है। क्लिंटन के शासनकाल में उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार रहे जेम्स स्टेनबर्ग भी इस पद के दावेदार हैं।
रिपोर्ट के अनुसार सेवानिवृत्त एडमिरल डेनिस ब्लेयर राष्ट्रीय खुफिया विभाग के निदेशक पद के लिए ओबामा की पहली पसंद हैं।