|
इंदौर. हज यात्रियों को फ्लाइट में दिए जाने वाला खाना शुक्रवार को एयर इंडिया व हज कमेटी के मध्य बहस का मुद्दा बन गया। कमेटी के पदाधिकारियों द्वारा भोजन में बदबू आने की शिकायत के बाद ताबड़तोड़ पैकेट बदले गए।
यात्रियों को एयर इंडिया की ओर से फ्लाइट में ही भोजन उपलब्ध कराया जाता है। शुक्रवार दोपहर 1.50 बजे जाने वाली फ्लाइट के यात्रियों को दिए जाने वाले भोजन के कुछ पैकेट जब हज कमेटी के सदस्यों ने खोले तो उनमें से बदबू आ रही थी। इसके बाद जिला हज कमेटी के अध्यक्ष रज्जाक पटेल व अन्य सदस्यों ने बासी खाना दिए जाने का आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत एयरलाइंस के अधिकारियों को की। शिकायत के बाद भोजन के पैकेट बदले गए।
आमने-सामने
-एयरपोर्ट व्यवस्था समन्वयक मौलाना अब्दुल शकूर ने बताया शुक्रवार को जब भोजन का पैकेट खोला तो उसमें से बदबू आ रही थी। रोटियां भी कच्ची थीं। इसकी शिकायत हमने एयर इंडिया के अधिकारियों से की है।
-एयर इंडिया के मार्केटिंग मैनेजर डी.वी. गाडगिल ने बताया हज यात्रियों को फ्लाइट में दिए जाने वाले भोजन के मामले को सुलझा लिया गया है। हज कमेटी ने जो आपत्ति ली थी, उसका निराकरण कर दिया है। विवाद जैसी कोई बात नहीं है।
हज की 6 फ्लाइट और
इंदौर से जाने वाले हज यात्रियों के लिए यह अच्छी खबर है कि अब यहां से 24 नवंबर के बजाय 27 नवंबर तक हज की फ्लाइट जाएंगी। जिला हज कमेटी के अध्यक्ष रज्जाक पटेल ने बताया एयर इंडिया की ओर से इसका कंफर्मेशन हो गया है। 25 से 27 नवंबर तक हर दिन दो-दो फ्लाइट जाएंगी। एक फ्लाइट सुबह 7 बजे तो दूसरी 10.50 पर जाएगी। एयर इंडिया के मार्केटिंग मैनेजर डी.वी. गाडगिल ने भी इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया 6 फ्लाइट से 360 यात्री रवाना होंगे। इन्हें मुंबई से दोपहर 3.30 पर जेद्दा के लिए कनेक्टिविटी मिलेगी।